बहन बोली भैया आ जाओं नही तो मार देंगे, थोड़ी देर बाद मिली लाश …

गाजियाबाद। सिहानी गेट क्षेत्र में एक विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुलंदशहर जिले में खानपुर थाना क्षेत्र के गांव जरिया आलमपुर निवासी संजय ने अपनी बहन पूजा की शादी डेढ़ साल पूर्व कस्बा जहांगीराबाद निवासी मदनलाल से की थी। वर्तमान में मदनलाल अपनी पत्नी पूजा और अन्य परिवारजनों के साथ सिहानी गेट थाना क्षेत्र की डीएम कॉलोनी ब्लॉक-1 में रह रहा था।

संजय ने बताया कि पूजा के ससुरालवाले अक्सर दहेज को लेकर मारपीट करते थे। जिसकी कई बार उनकी बहन ने शिकायत भी की थी। मगर उस वक्त मामले को समझा-बुझाकर शांत कर दिया गया था। शनिवार की शाम पूजा ने मुझे फोन करके बताया कि था कि भैया मेरे साथ ससुरालवाले मारपीट कर रहे हैं, आप आ जाओ नही तो मुझे यह जान से मार देंगे। बस इतना कहकर फोन काट दिया। मगर कभी यह नही सोचा था कि जो बात बहन ने फोन पर की है, वह सत्य हो जाएगी।

पीडि़त संजय ने बताया कि जब अपनी बहन की ससुराल में पहुंचे तो कमरे में फर्श पर उसकी लाश पड़ी हुई थी। जिसे देखते ही वह बेहोश हो गए। जिसके बाद यूपी 112 पर फोन कर घटना की जानकारी दी। पीडि़त ने सिहानीगेट थाने में पति मदनलाल, जेठ नरेश, जेठानी रजनी, सास अंगूरी पर हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सिहानीगेट थाना प्रभारी नरेश कुमार शर्मा ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना शनिवार की है, मृतक महिला के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। महिला की मौत फांसी लगाकर हुई है। अब यह हत्या है कि आत्महत्या दोनों ही मामलों की जांच की जा रही है।