भैयादूज पर कारोबारी के घर करोड़ो की चोरी

गाजियाबाद। घंटाघर कोतवाली क्षेत्र में नामी टिंबर कारोबारी के घर से चोरों ने करोड़ो रूपए से अधिक के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के वक्त महिलाएं भैयादूज त्योहार के चलते बाहर गई हुई थी और कारोबारी अपनी दुकान पर थे। सूचना पाकर मौके पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
घंटाघर कोतवाली क्षेत्र की चंद्रपुरी कॉलोनी में मुकेश गुप्ता पत्नी संगीता, बेटे उमंग और बेटी पंखुरी के साथ रहते हैं। हापुड़ रोड पर मीनामल की धर्मशाला के पास बाबू राम रतन लाल कबाड़ी के नाम से लकड़ी का कारोबार है। मुकेश गुप्ता के पिता बाबू राम कबाड़ी नामी कारोबारी थे।
मुकेश गुप्ता सुबह करीब 11 बजे अपने बेटे के साथ शॉप पर चले गये थे और पत्नी व बेटी घर का ताला बंद कर भैयादूज का त्योहार मनाने के लिए मेरठ स्थित अपने मायके चली गई थीं। दोपहर करीब 1 बजे वह किसी काम से जब घर वापस पहुंचे तो घर के बाहर और अंदर कमरे के ताला टूटा हुआ था। अंदर घर में घुसे तो अलमारी का भी ताला टूटा हुआ था। ताले टूटे देख उनके होश उड़ गये। पीडि़त ने घटना की सूचना स्थानीय पार्षद राजीव शर्मा और पुलिस को दी। करोड़ो की सूचना पर पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम एवं डॉग स्क्वायड ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच पड़ताल की। एसपी सिटी निपुण अग्रवाल ने बताया कि पीडि़त मुकेश ने चोरी गए सामान का अभी कोई लिखित में नही दिया है। जिससे आंकलन किया जा सके कि चोरी कितने की थी। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। पुलिस ने आशंका जाहिर करते हुए बताया कि घर में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले कोई करीबी भी हो सकता है। क्योंकि जिस समय घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। उस समय घर की महिलाएं अपने भाइयों के घर गई हुई थी। पुलिस इस मामले में काफी गंभीरता से जांच पड़ताल कर रही है।
सीओ प्रथम महिपाल सिंह ने बताया कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पीडि़त की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है। घर से कितना सामान और नगदी चोरी हुआ है, यह लिखित में शिकायत आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।