छठ पर्व: घाटों को संवारने में जुटा नगर निगम, मिलेंगी सभी जरूरी सुविधाएं

-निरीक्षण पर निकले नगरायुक्त, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

गाजियाबाद। छठ पर्व में अब कम समय बचा है। छठ घाटों को संवारने के लिए नगर निगम ने कवायद तेज कर दी है। दरअसल छठ व्रत को लेकर 4 दिन तक धार्मिक रस्में पूरी की जाती हैं, जिसमें सबसे महत्वपूर्ण अस्त होते सूर्य तथा उदय होते सूर्य को अर्घ्य देना शामिल है। इस दौरान व्रत रखने वाले व्रती एवं श्रद्धालु काफी संख्या में छठ घाट पर पहुंचते हैं। नगर निगम द्वारा विभिन्न घाटों की सफाई के अलावा वहां तक पहुंचने के लिए रास्तों की मरम्मत कराई जा रही है। छठ पूजा की तैयारी के लिए नगर निगम की ओर से छोटे-छोटे तालाबों का भी निर्र्माण कराया जा रहा है। घाट पर श्रद्धालुओं के नहाने के लिए अलग से गंगाजल की व्यवस्था, मोबाइल टायलेट और प्रकाश की व्यवस्था की जा रही है, जिससे घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े।

निराश नहीं होंगे श्रद्धालु
छठ पूजा पर हरनंदी में कोई हादसा न हो, इसके लिए गोताखोरों को तैनात किया जाएगा। हरनंदी नदी छठ घाट, खोड़ा के पास हिंडन नहर छठ घाट सहित अन्य घाटों पर साफ-सफाई कार्यों का शनिवार को नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, पुरबिया जन कल्याण समिति की अध्यक्ष रीता सिंह, महासचिव राकेश तिवारी की मौजूदगी में निरीक्षण किया। छठ पूजा को लेकर लोगों में भी इस बार काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। नगरायुक्त के निर्देश पर छठ घाटों की मरम्मत, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था, सफाई व्यवस्था तथा आगंतुकों व श्रद्धालुओं के लिए बैठने की व्यवस्था नगर निगम द्वारा छठ घाट पर की जा रही है। घाटों पर श्रद्धालुओं के वस्त्रों को बदलने की व्यवस्था भी बेहतर करने के निर्देश दिए गये हैं, जिससे महिला श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा ना हो। इसके अलावा पार्षदों से भी अपील की गई है कि छठ महापर्व को बेहतर बनाने के लिए अपना सहयोग दें। सभी पार्षदों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में छठ घाटों की देखरेख एवं नियमित फॉगिंग में सफाई व्यवस्था कराई जा रही है।

गंगाजल की भी होगी व्यवस्था
हरनंदी नदी छठ घाट जो कि शहर का मुख्य छठ घाट है। यहां पर हर साल छठ पूजा के दिन लाखों श्रद्धालु डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। घाट पर भीड़ के कारण पैर रखने तक को जगह नहीं मिलती है। नगर निगम ने छठ घाट की सफाई के साथ सौंदर्यीकरण का काम शुरू कर दिया है। घाट पर श्रद्धालुओं के नहाने के लिए अलग से गंगाजल की व्यवस्था की जाएगी। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर इस बार स्वयं छठ घाटों की निगरानी कर रहे हंै। सभी घाटों को भव्य बनाने के लिए नगर निगम द्वारा कार्य तेजी से किया जा रहा है। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि 2 दिन बाद छठ महापर्व है। सभी घाटों पर श्रद्धालुओं के नहाने के लिए अलग से गंगाजल की व्यवस्था, मोबाइल टायलेट और प्रकाश की व्यवस्था कराई जा रही है। हरनंदी में कोई हादसा न हो, इसके लिए गोताखोरों को तैनात करने के भी निर्र्देश दिए गये है। साथ ही घाटों पर लाइट लगाने का काम शुरू करने के निर्देश दे दिये गये हैं।

रात में रंगीन रोशनी में नहाएंगे घाट
हैलोजन लाइट के साथ-साथ एलईडी एवं ट्यूब लाइट भी लगाने का कार्य भी प्रकाश विभाग की ओर से किया जा रहा है। इसके साथ ही घाटों पर व्रतियों के कपड़े बदलने के लिए चेंजिंग रूम एवं वाच टावर का निर्माण किया जा रहा है। शहर में स्थित सभी घाट सज-धज कर तैयार हो जाएंगे। लेकिन कोविड-19 को देखकर नगर निगम एवं प्रशासन ने कई तरह के प्रबंध किए हैं। घाट पर भीड़ न लगे इसके लिए कई तरह के इंतजाम साथ में शारीरिक दूरी को पालन करने के लिए हमेशा लोगों से नगर निगम अपील करेगा। लोगों से कहा जा रहा है कि कोरोना वायरस के मद्देनजर एहतियात बरतना जरूरी है। भीड़ भाड़ नहीं हो, इसका ख्याल व्रती और स्वजनों को भी रखना होगा। अन्य सुरक्षा उपाय अपनाने होंगे।