-शराब धंधेबाजों पर आबकारी की नजर
-लाखों रूपए की शराब, 1 हजार किलोग्राम लहन नष्ट, चार तस्कर गिरफ्तार
गाजियाबाद। होली में अब एक दिन शेष है, लेकिन पंचायत चुनाव में समय है। होली पर्व एवं पंचायत चुनाव में माहौल खराब न हो, जिसके लिए आबकारी विभाग ने पूर्व में ही अपनी रणनीति बना ली थी। खासकर अवैध शराब माफियाओं पर शिकंजा कसने की कार्रवाई की जा रही है। आबकारी की कार्र्रवाई से शराब तस्करों में खलबली मची हुई है। दरअसल होली से पहले कच्ची शराब बनाने एवं हरियाणा से शराब तस्करी का कारोबार शुरू हो जाता है।
जिसके लिए आबकारी विभाग समय-समय पर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से प्रचार-प्रसार एवं ग्रामीणों के साथ बैठक करता रहता है। शराब माफिया होली पर्व व पंचायत चुनाव के मद्देनजर अवैध शराब के भंडारण के लिए लग्जरी गाड़ी, टेंकर का प्रयोग कर रहें है।
खपत को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इसी कड़ी में एक बार फिर आबकारी विभाग ने शराब माफियाओं पर शिकंजा कसते हुए लाखों रूपए की शराब, लहन नष्ट करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। प्रदेश के आबकारी आयुक्त एवं संयुक्त आबकारी आयुक्त मेरठ जोन के निर्देश पर जनपद में छापेमारी की कार्रवाई लगातार जारी है। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया शनिवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।
आबकारी निरीक्षक सीलम मिश्रा, आबकारी निरीक्षक अरूण कुमार एवं मुरादनगर थाना प्रभारी अमित कुमार की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान मेरठ कट पेरिफेरल से सेंट्रो कार फर्जी नंबर से अवैध शराब के साथ सतीश पुत्र चमन लाल निवासी गोरड़ थाना खरखौदा जिला सोनीपत को पकड़ा। वाहन से 25 पेटियों में 1250 पौवे संतरा ब्रांड अवैध देशी शराब हरियाणा राज्य में बिक्री के लिए अनुमन्य बरामद हुई।
वाहन एवं शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। उधर, आबकारी निरीक्षक सीलम मिश्रा सेक्टर-3, आबकारी निरीक्षक टी.एस. ह्यांकी सेक्टर-2, आबकारी निरीक्षक अरुण कुमार सेक्टर-6, आबकारी निरीक्षक विवेक दुबे प्रवर्तन मेरठ द्वारा महमूदपुर तथा भूपखेड़ी में संदिग्ध स्थलों पर छापेमारी व गहन तलाशी की गई। छापेमारी में महमूदपुर हिंडन नदी खादर से 55 ली. कच्ची शराब बरामद की गई एवं लगभग 1 हजार कि.ग्रा. बरामद लहन को मौके पर नष्ट किया गया। वहीं आबकारी निरीक्षक रमा शंकर सिंह, आबकारी निरीक्षक आशीष पांडेय ने डासना चेक पोस्ट पर कार से अवैध शराब ले जा रहे सोनू चौहान पुत्र राजपाल निवासी ग्राम कुड़ी थाना हसनपुर जिला अमरोहा एवं जितेंद्र सिंह पुत्र कृपाल सिंह निवासी ग्राम अचवाड़ा डिंगर थाना असमोली जिला संभल को पकड़ा गया।
संबंधित वाहन से 15 पेटियों में 750 पौवे अवैध देशी शराब मस्ताना एवं 7 पेटियों में अवैध देशी शराब असली संतरा के 350 पौवे बरामद किए गए। मुरादनगर में मेरठ कट पेरिफेरल सेंट्रो कार से अवैध शराब के साथ सुरेंद्र पुत्र रण सिंह निवासी गोरड़ थाना खरखौदा जिला सोनीपत को पकड़ा गया। वाहन से 10 पेटियों में 120 बोतल रॉयल स्टैग ब्रांड अवैध विदेशी शराब हरियाणा राज्य में बिक्री हेतु अनुमन्य बरामद हुई। आरोपियों को आबकारी अधिनियम की सुसंगत धारा के अंतर्गत जेल भेजा गया। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया पकड़े गये तस्करों से करीब 4 लाख की शराब बरामद की गई है। चुनाव व होली पर्व को लेकर प्रत्याशी शराब माफिया की मिलीभगत से वोटरों को लुभाने के लिए अवैध शराब को सप्लाई करने के इरादे से महमूदपुर तथा भूपखेड़ी में शराब बना रहे थे। टीम को देख तस्कर नदी की ओर भाग गए। ग्रामीणों से अवैध शराब के धंधे में लगे लोगों की जानकारी देने की अपील की गई। उन्होने बताया कच्ची शराब तोडऩे वालों के बारे में पुलिस व आबकारी विभाग को खबर करें। पंचायत चुनाव व होली को लेकर सतर्कता बरतें। आगामी दिनों में पंचायत चुनाव होने हैं।
















