बेखौफ मनचले, अकेली लड़की से करने लगे छेड़छाड़

रायपुर। बेखौफ मनचलों की शर्मनाक करतूत एक बार फिर सामने आई है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में स्कूटी सवार 2 मनचलों ने दिनदहाड़े लड़की से छेड़छाड़ की। विरोध करने के बावजूद लड़की का रास्ता रोकने की कोशिश की। ऐसे में किसी राहगीर ने इस घटना का वीडियो तैयार कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस ने दोनों आरोपियों को धर-दबोचा। आरोपियों की स्कूटी भी पुलिस ने जब्त कर ली है।

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में महिलाओं के खिलाफ आए दिन अपराध सामने आ रहे हैं। पुलिस की लापरवाही से मनचलों के हौसले भी खूब बुलंद हैं। मनचलों की मनमानी का ताजा मामला प्रकाश में आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में स्कूटी सवार 2 मनचले पैदल जाती लड़की से छेड़छाड़ करते नजर आ रहे हैं। मोबाइल पर बातें करने में मशगूल लड़की पहली बार में मनचलों पर ध्यान नहीं देती। इसके बाद मनचले पुन: पीछा कर कुछ दूरी पर लड़की से फिर छेड़छाड़ करने लगते हैं। यह वीडियो देखकर लोग कानून व्यवस्था को कोस रहे हैं।

दरअसल राजधानी रायपुर का यह क्षेत्र बेहद सुरक्षित माना जाता है। इसके बावजूद मनचलों में पुलिस का कोई खौफ न होना सवाल खड़े करता है। छिछालेदर होने पर पुलिस ने आनन-फानन में दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की स्कूटी को भी जब्त कर लिया गया है। रायपुर पुलिस ने शनिवार की सुबह इस संबंध में ट्वीट भी किया। पुलिस ने ट्वीट कर बताया कि दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया है। पुलिस ने कानून के अनुरूप आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर वीडियो बनाने वाले का आभार जताया है।