कांग्रेस में टेंशन हाई, अह्म बैठक बुलाई

नाराज विधायकों ने सीएम के खिलाफ मोर्चाबंदी की

चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस में जारी आंतरिक कलह थमने का नाम नहीं ले रही है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ नाराज विधायकों ने मोर्चाबंदी कर ली है। इसके मद्देनजर शनिवार की शाम कांग्रेस विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। इस बैठक में पंजाब प्रभारी हरीश रावत भी भाग लेंगे। ऐसे में सीएम अमरिंदर सिंह की मुश्किलें बढ़ना तय हैं।

पंजाब में अगले साल विधान सभा चुनाव होने हैं। इसके बावजूद कांग्रेस का अंदरूनी संकट दूर नहीं हो पाया है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ कुछ विधायकों ने मोर्चा खोल दिया है। बढ़ते विरोध को देखकर कांग्रेस हाईकमान ने शनिवार की शाम 5 बजे विधायक दल की बैठक बुलाई है। बैठक में कांग्रेस के पंजाब प्रभारी हरीश रावत भी शिरकत करेंगे। इसके अलावा ऑब्जर्वर के तौर पर अजय माकन और हरीश चौधरी मौजूद रहेंगे। बताया गया है कि मुख्यमंत्री से खफा कुछ विधायकों ने कांग्रेस हाईकमान को पत्र लिखा था। इसके बाद प्रभारी हरीश रावत ने शुक्रवार को सोनिया गांधी से मुलाकात की थी।

तदुपरांत रावत ने ट्वीट कर बताया कि पंजाब में बड़ी संख्या में कांग्रेस विधायकों ने विधायक दल की बैठक बुलाने की अपील की है। पंजाब में कांग्रेस कार्यालय में यह बैठक बुलाई गई है। सभी विधायकों से अपील है कि वे इसमें शामिल हों। बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू के पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष पद संभालने के बाद से पार्टी में फसाद बढ़ गया है। कांग्रेस के पंजाब प्रभारी हरीश रावत को कई बार खुद मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू से मिलकर मामला शांत करना पड़ा था।