गाजियाबाद। कौशाम्बी थाना प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह पर रिश्वतखोरी के गंभीर आरोप लगे हैं। उन पर 50 हजार रुपए अवैध तरीके से वसलूने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित दुकानदार ने एसएसपी से इस प्रकरण में शिकायत की है। कौशाम्बी थानांतर्गत कामना वैशाली निवासी चंदन सिंह की कौशाम्बी मेट्रो स्टेशन के पास चाय-काफी की दुकान है। चंदन का कहना है कि गुरुवार की रात करीब 9 बजे कौशाम्बी थाना प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह 2 सिपाहियों हरेंद्र व प्रशांत के साथ उनकी दुकान पर आए।
आरोप है कि चंदन और उनके कर्मचारी शोभाराम के साथ मारपीट कर थाने ले जाया गया। उनसे कहा कि कई माह से 50 हजार रुपये वसूली के नहीं दे रहे हो। इस कारण यहां लाए हैं। फर्जी मामले में फंसाकर जिंदगी बर्बाद कर देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि रात में करीब 11 बजे उनके जीजा सुनील कुमार थाने पहुंचे। उन्होंने 50 हजार रुपये देकर उन्हें व शोभाराम को छुड़ाया। उधर, निरीक्षक महेंद्र सिंह ने बताया कि कौशाम्बी मेट्रो स्टेशन के आस-पास अवैध तरीके से लगने वाली दुकानों पर अपराधियों का जमावड़ा रहता है। वहां लूट और अन्य आपराधिक घटनाएं होती रहती हैं। इस कारण दुकानदारों को रात में नौ बजे दुकान बंद करने को कहा गया था। गुरुवार रात पौने नौ बजे उन्होंने क्षेत्र में एनाउंस कराकर दुकानों को नौ बजे तक बंद करने को कहा।
दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद कर दी। बाद में उनके पास शिकायत आई कि चंदन ने चाय-काफी की दुकान खोल रखी है। उन्होंने मौके पर जाकर उसे बंद करने को कहा। उसने विरोध किया तो वह उसे थाने ले आए। पुलिस एक्ट-34 के तहत चालान किया गया। उससे कोई रकम नहीं वसूली गई है। 10 अन्य दुकानदारों का भी चालान किया गया है। वहीं, पुलिस अधीक्षक नगर द्वितीय गाजियाबाद ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। चंदन ने अपनी शिकायत के साथ सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी एसएसपी को दी है।
















