गाजियाबाद। कविनगर थाना क्षेत्र स्थित लैंड क्रॉफ्ट सोसायटी में मंगलवार रात 14वीं मंजिल से एक छात्र ने कूदकर जीवनलीला समाप्त कर ली। सुसाइड से पहले छात्र ने अपने इंस्टाग्राम पर गुड बॉय लाइफ का स्टेटस लगाया था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार सोसायटी में कोई परिचित या फिर सहपाठी भी नही रहता था। फिर यहां कैसे और क्यों आया। ऊंचाई से गिरने से उसके मोबाइल के 2 टुकड़े हो गए। पुलिस छात्र की कॉल डिटेल्स खंगाल रही है। जिससे मौत का कारण स्पष्ट हो सकें।
मृतक वरदान शर्मा (19) पुत्र सुनील शर्मा हापुड़ शहर में मोहल्ला आर्य नगर का निवासी था। गाजियाबाद के हाईटेक कॉलेज में पॉलिटेक्निक कर रहा था। मंगलवार रत करीब साढ़े 9 बजे कविनगर इलाके में स्थित लैंड क्राफ्ट की आशियाना सोसाइटी की 14वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली।
वरदान के पिता सुनील शर्मा की हापुड़ में गढ़मुक्तेश्वर रोड पर चश्मे की दुकान है। शाम के वक्त वरदान अपनी इसी दुकान पर बैठा था। परिजनों के अनुसार देर शाम साढ़े 7 बजे तक वरदान हापुड़ में ही था। जिसके बाद बिना बताए वह गाजियाबाद आ गया और रात करीब 10 बजे परिजनों को वरदान के गाजियाबाद में सोसाइटी की 14वीं मंजिल से गिरकर मरने की खबर मिली।
कविनगर थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि इतनी ऊंचाई से गिरने की वजह से छात्र के मोबाइल के दो टुकड़े हो गए हैं। अभी तक की जांच में ये पता नही चल पाया है कि वरदान इस सोसाइटी में किससे मिलने के लिए आया था। सीसीटीवी में वो 14वें फ्लोर की लिफ्ट से बाहर निकलता हुआ दिखाई दे रहा है। आशंका है कि उसने 14वें फ्लोर से कूदकर छंलाग लगा दी। यह हत्या है कि आत्महत्या जांच के बाद ही इसका सही पता चल सकेंगा। मृतक की दो बहने भी थी, खुद गाजियाबाद के हाईटेक कॉलेज से पॉलिटेक्निक की पढ़ाई कर रहा था और दोनों बहने हापुड़ में ही पढ़ रही हैं। पुलिस ने जब छात्र वरदान की इंस्टाग्राम प्रोफाइल की जांच की तो पता चला कि उसने दोपहर में एक स्टेटस लगाया था। जिस पर गुड बॉय लाइफ लिखा हुआ था।
बीटेक दो छात्रों की मौत मामले में पुलिस के हाथ खाली
1 नवंबर को गौड़ ग्लोबल विलेज सोसाइटी में भी 12वीं मंजिल से बीटेक छात्रा साक्षी केल्पिया ने कूदकर जान दे दी थी। इसके ठीक 2 दिन बाद यानी 3 नवंबर को सिद्धार्थ विहार स्थित एपेक्स क्रेंमलिन सोसाइटी की 19वीं मंजिल से कूदकर बीटेक छात्र हार्दिक वत्स ने भी आत्महत्या कर ली थी। दोनों ही एबीईएस कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई कर रहे थे। जांच में पता चला की दोनों छात्र पैसा निवेश करने वाले टेलीग्राम ग्रुप से जुड़े हुए थे और लगातार पैसा निवेश कर रहे थे। उन्होंने अपने सहित परिजनों और दोस्तों का पैसा भी निवेश कर दिया था। जिसकी पुलिस अभी तक जांच कर रही है।















