एशियन पेंट्स कंपनी का अधिकारी बनकर होमगार्ड मांग रहा था रंगदारी

-होमगार्ड समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार

गाजियाबाद। मसूरी थाना पुलिस ने खुद को एशियन पेंट्स कंपनी का अधिकारी बताकर पेंट कारोबारी से रंगदारी मांगने वाले दिल्ली पुलिस के होमगार्ड समेत 4 आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक दिल्ली पुलिस का होमगार्ड है। वहीं, बाकी तीन आरोपी खुद को पत्रकार बताकर वसूली करते थे।

रविवार को सीओ सदर एवं एएसपी आकाश पटेल ने बताया कि मसूरी थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने दारोगा अनिल कुमार, दारोगा कुलवंत सिंह टीम के साथ मूसरी के मयूर विहार चौक के पास से रविवार की सुबह 11 बजे मनीष कुमार पुत्र राजकुमार निवासी शांतिनगर विजयनगर, दिल्ली पुलिस में होमगार्ड अंकुर पुत्र देवेंद्र निवासी बी-236 राजीवनगर हर्ष विहार दिल्ली, पवन गौड़ पुत्र जयप्रकाश गौड़ निवासी माता कॉलोनी नंदग्राम, मोहम्मद अली पुत्र नूरूद्दीन निवासी 151 हिंडन विहार नंदग्राम को गिरफ्तार किया गया।

सीओ सदर आकाश पटेल ने बताया कि आरोपियों ने कारोबारी पर नकली पेंट बेचने का आरोप लगाते हुए उसे पहले जेल भिजवाने की धमकी दी। बाद में आरोपियों ने छोडऩे के लिए 2 लाख रुपए की रंगदारी मांगी। काफी मोलभाव के बाद आरोपियों ने कारोबारी से 45 हजार रुपए ले लिए। शनिवार शाम की इस वारदात के बाद मसूरी थाना पुलिस ने रविवार को मुकदमा दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि इनके तीन और साथी हैं, पुलिस इनकी तलाश कर रही है। सीओ ने बताया कि पेंट कारोबारी नदीम ने शिकायत दी थी। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच करते हुए होमगार्ड समेत चारों को गिरफ्तार कर लिया। नदीम की मयूर विहार में पेंट की दुकान है। उन्होंने बताया कि शनिवार की शाम सात लोग खुद को पेंट कंपनी का अधिकारी बता कर नदीम की दुकान पर आए और दुकान में तलाशी लेकर दो डिब्बे बाहर निकाले। आरोपियों ने पहले नकली पेंट बेचने का आरोप लगा उसे हड़काया और फिर छोडऩे के लिए 2 लाख रुपए मांगे। नदीम ने कहा कि इतने रुपये नहीं हैं तो आरोपी 45 हजार रुपये लेकर चले गए।

पीडि़त ने बताया कि जाने के बाद भी आरोपी फोन कर बाकी रुपए की मांग कर रहे थे। इससे उन्हें शक हो गया और उसने पुलिस को सूचना दी। रविवार को नदीम ने बाकी रुपए देने के लिए बुलाया। उनके यहां पहुंचते ही पहले से जाल बिछाकर बैठी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। हालांकि इस कार्रवाई के दौरान तीन आरोपी कपिल, नसीम और अमरपाल मौके से भागने में सफल हो गए। मसूरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि अंकुर दिल्ली में होमगार्ड है, जबकि बाकी तीनों खुद को पत्रकार बताते हैं। इनसे नामी समाचार चैनल से मिलते-जुलते नाम के चैनल के आईकार्ड के साथ 30 हजार रुपए,घटना में प्रयुक्त सेलेरियो कार मिली हैं।