ऑपरेशन पाताल: दो अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़

-खंडहरनुमा मकान में चलाई जा रही अवैध तमंचा बनाने की फैक्ट्री, 3 शातिर गिरफ्तार

गाजियाबाद। प्रदेश शासन के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन पालात के तहत शुक्रवार को लोनी बॉर्डर एवं ट्रॉनिका सिटी थाना पुलिस ने अवैध हथियार बनाने की दो फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए 3 शातिरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियारों का जखीरा भी बरामद किया है। एसएसपी मुनिराज जी के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन पालात के तहत दो दिन में पुलिस की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को लोनी में पत्रकारवार्ता में एसपी देहात डॉ. ईरज राजा ने सीओ लोनी राजेश कुमार उपाध्याय की मौजूदगी में अवैध हथियारों की फैक्ट्री का खुलासा करते हुए बताया कि लोनी बॉर्डर थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी उस वक्त हाथ लगी। जब मुखबिर की सूचना पर सेवा धाम चौकी क्षेत्र अंतर्गत एक खंडहरनुमा मकान में चलाई जा रही अवैध तमंचा बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने गुरुवार को भी मोदीनगर और मसूरी क्षेत्र में चल रही अवैध हथियार की फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर चुकी है। जिसके तहत कुल 73 अवैध हथियार बरामद किए गए थे। लोनी बॉर्डर पुलिस ने 45 अवैध बने और अधबने तमंचे बरामद किए हैं।

एसपी देहात ने बताया कि शासन के निर्देश पर अवैध हथियार की तस्करी करने वाले और अवैध हथियार बनाने वालों के खिलाफ ऑपरेशन पाताल चलाया जा रहा हैं। पुलिस छापेमारी के दौरान मौके से 26 वर्षीय मोबीन पुत्र मोहम्मद शहीद मूल निवासी जुम्मा मस्जिद थाना गुलावठी बुलंदशहर, 21 वर्षीय नीरज पुत्र राधे श्याम निवासी बंगस की गढ़ी थाना ताजगंज आगरा, विष्णु पुत्र राधेश्याम निवासी बंगस की गढ़ी थाना ताजगंज आगरा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कुल 45 बने और अधबने अवैध तमंचे बरामद किए। अवैध तमंचा बनाने के उपकरण और अन्य सामान भी बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान पता चला कि यह लोग इस गोरखधंधे में पिछले काफी समय से लिप्त हैं और यहां पर अभी इन्होंने यह कार्य शुरू किया था। जहां पर अवैध तमंचे बनाने के साथ-साथ अवैध तमंचों की रिपेयरिंग भी यह लोग किया करते थे। इसके अलावा टीला मोड़ थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने टीम के साथ 4 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर 3 तमंचे, 4 कारतूस, चाकू एवं क्षेत्र से लूटा मोबाइल फोन बरामद किया है। पकड़े गए बदमाश बिलाल, राहुल, सन्नी, बंटी निवासी तुलसी निकेतन, जावली, ननौता सहारनपुर के रहने वाले है। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।