ड्राइवर समेत 3 बदमाश गिरफ्तार, लूट से एक माह पूर्व भी लूट का किया था प्रयास
गाजियाबाद। कविनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बीते 1 मार्च की सुबह साढ़े 10 बजे राजनगर डिस्ट्रिक सेंटर(आरडीसी)स्थित एचडीएफसी बैंक में 10 लाख रुपए जमा कराने आए सुकृति फूड्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के मुनीम नितिन से 10 लाख रुपए लूट का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए कंपनी के ड्राइवर समेत 3 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने इनके पास से लूटे गए 10 लाख में 6 लाख रुपए, पिस्टल .32 बोर,4 कारतूस, तमंचा,दो कारतूस,घटना में प्रयुक्त 2 पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं,एसएसपी कलानिधि नैथानी ने लूट का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा की है। मंगलवार को कविनगर थाने में पत्रकारों से वार्ता करते हुए एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल ने सीओ सेकेंड अवनीश कुमार सिंह की मौजूदगी में लूट का पर्दाफाश किया। एसपी सिटी निपुण अग्रवाल ने बताया कि आरडीसी में घी कंपनी के मुनीम नितिन पुत्र राजकुमार निवासी जयमाता अपार्टमेंट न्यू पंचवटी कंपनी का 10 लाख रुपए बैग में कैश लेकर जमा कराने आया था। बैंक में जमा कराने के दौरान सेंट्रो कार को बैंक की पार्किंग में खड़ा करने लगा। तभी स्कूटी सवार दो बदमाश कैश से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे। इस मामले में कविनगर थाने में लूट का मुकदमा दर्ज किया गया था। लूट का खुलासा करने के लिए 5 टीमें गठित करते हुए बीट आरक्षियों को घटना के खुलासे के लिए लगाया गया। स्वाट टीम प्रभारी इंस्पेक्टर संजय पांडेय, कविनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह,दारोगा सुनीत कुमार, दारोगा अरूण कुमार मिश्र स्वाट टीम आदि को लगाया गया। एसपी सिटी ने बताया कि सुकृति फूड्स कंपनी में वर्तमान और पूर्व में कार्यरत करीब 30 कर्मचारियों से पूछताछ करने के बाद उनकी गतिविधि पर नजर रखी गई। जानकारी में आया कि कंपनी में कार्यरत ड्राईवर नफीस खान पुत्र रहीस खान पठान निवासी कविनगर जैन मंदिर के पास फरमान नर्सरी अनपढ़ की भूमिका संदिग्ध मिली। टीमों द्वारा मुखबिर के आधार पर लूट की घटना को अंजाम देने वाला मास्टर माइंड नफीस ही निकला। नफीस ने अपने साथियों से इस लूट का अंजाम दिलवाया। नफीस 1 मार्च को कंपनी के मालिक के साथ लखनऊ काम से गया था। इस पर शक हुआ। शक के आधार पर इसे गिरफ्तार किया गया। एसपी सिटी ने बताया कि लूट की घटना को अंजाम कंपनी मालिक के ड्राइवर नफीस ने ही अंजाम दिलाया। पुलिस टीम ने देर रात मुखबिर की सूचना पर जैन मंदिर के सामने नेहरूनगर फ्लाईओवर के पास से इन्हें गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए बदमाश ड्राइवर नफीस के अलावा बोबी कुशवाहा पुत्र रमेश चंद कुशवाहा निवासी ग्राम छपरौला गौतमबुद्धनगर,मोहित रावत पुत्र जगत रावत निवासी केएफ-15 किराए के मकान में रहने वाले गिरफ्तार किए गए। इनके दो साथी सूरज उर्फ शुभम पुत्र नरेश कोरी निवासी ग्राम रजापुर,सनी पुत्र राजवीर निवासी चावड़ इगलास जिला अलीगढ़ फरार है। इन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम लगाई गई हैं। सीओ सेकेंड अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि इनके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज है। शातिर लुटेरे कंपनियों में कार्य करने वाले कर्मचारियों और ड्राइवर से कंपनी के कैश के बारे में जानकारी करने के लिए दोस्ती कर लूट को अंजाम देते थे। मोहित राव व सूरज ने स्कूटी से घटना को अंजाम दिया। नफीस ने ही लूट की पूरी प्लानिंग की थी। पुलिस ने इन्हें जेल भेज दिया।
















