पंचायत चुनाव को लेकर डीएम ने की बैठक

चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग संपन्न कराने के डीएम ने दिए निर्देश

गाजियाबाद। जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक की। डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयावधि के भीतर चुनाव संबंधी तैयारियों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने कहा कि जनपद में सभी 311 मतदान केंद्रों पर पंचायत चुनाव का कार्य स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न हो, इसके लिए पुलिस-प्रशासन के अधिकारी चौपाल लगाकर असामाजिक तत्वों के विरूद्ध 107/16 की कार्रवाई तत्काल प्रारंभ करें। चुनाव में माहौल खराब करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। सभी उप-जिलाधिकारी एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के पूर्व ग्राम प्रधान, प्रधान प्रत्याशी एवं संभ्रांत व्यक्ति आदि के साथ बैठकों का आयोजन कर चुनावी तैयारियों का जायजा लें। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क दृष्टि बनाए रखें ताकि अपराध पर अंकुश लगाया जा सके। संदिग्ध लोगों पर पैनी नजर रखी जाए, जिससे कोई घटना होने से पहले पुलिस को सूचना मिल सके। जिलाधिकारी ने पूरे पंचायत चुनाव को जोन और सेक्टर में बांटने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम और सीओ अपने-अपने क्षेत्र में संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण करें तथा निर्वाचन संबंधी आपत्तियों के लिए समिति गठित कर उनका निराकरण प्राथमिकता पर कराएं। संभावित उम्मीदवारों पर पैनी दृष्टि रखें और अराजकता फैलाने वाले उम्मीदवारों पर निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित कराएं। निर्वाचन केंद्रों एवं बूथों पर बिजली-पानी, मरम्मत एवं साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। प्रत्येक तहसील में निर्वाचन कंट्रोल रूम बनाया जाए तथा एक कर्मचारी को तैनात किया जाए जो वोटर लिस्ट आरक्षण और बूथों के बारे में जानकारी उपलब्ध करा सके। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी, समस्त अपर जिलाधिकारी, समस्त उप-जिलाधिकारी आदि मौजूद रहे।