भाजपा नेता के कार्यालय पर गोली चलाने वाले दो सगे भाई समेत तीन गिरफ्तार

गाजियाबाद। लोनी की प्रेमनगर कॉलोनी में शनिवार की दोपहर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अलीमुद्दीन अंसारी के कार्यालय पर चार राउंड फायरिंग करने वाले दो सगे भाई समेत तीन आरोपी को लोनी पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया।

लोनी थाना प्रभारी निरीक्षक अजय चौधरी ने बताया कि रविवार को दारोगा अमित कुमार टीम के साथ भाजपा नेता के ऑफिस पर गोली चलाने वाले सगे भाई मोहित व चंदन पुत्र लालचंद निवासी बागराणप लोनी, सुंदर सिंह पुत्र महेंद्र सिंह निवासी बागराणप लोनी को लोनी तिराहा टोली मोहल्ला से गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 32 बोर पिस्टल बरामद किया गया। मशीन के विवाद में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अलीमुद्दीन अंसारी के कार्यालय पर तीनों ने मिलकर गोली चलाई थी। इस दौरान वह ऑफिस पर नहीं थे। सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके से एक खोखा बरामद किया था। पुलिस ने सीसीटीवी से पहचान कर आरोपी सुंदर गुर्जर और मोहित को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो इनके साथी को भी गिरफ्तार कर लिया।

इकराम नगर कॉलोनी निवासी अलीमुद्दीन अंसारी ने बताया कि दोपहर साढ़े 12 बजे करीब वह घर चले गए थे। ऑफिस पर छोटा भाई था। एक बजे करीब कार सवार सात-आठ लोग उनके ऑफिस पर पहुंचे और चार राउंड हवाई फायरिंग की। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गए। सूचना मिलने के बाद वह पुलिस को फोन किया। पुलिस ने घटना स्थल से एक खोखा बरामद किया। साथ ही घटनास्थल से कुछ दूर लगे सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर इन्हें गिरफ्तार किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि तीनों से पिस्टल बरामद की गई है। सुंदर गुर्जर का रिजवान व नदीम के साथ तार काटने की मशीन को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार को दोनों पक्षों के बीच कहासुनी में अलीमुद्दीन अंसारी ने रिजवान का पक्ष लिया और उन्हें गलत बताया था। भाजपा नेता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।