गाजियाबाद। लोनी में बुजुर्ग तांत्रिक को पीटने के बाद उसकी दाढ़ी काटने, मारपीट के मामले में सौहार्द खराब करने के आरोपी सपा नेता उम्मेद पहलवान को रविवार को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। उम्मेद पहलवार को कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेज दिया। शनिवार को क्राइम ब्रांच की टीम ने उम्मेद पहलवान को दिल्ली स्थित एलएनजेपी अस्पताल के पास से गिरफ्तार किया था। जिसके बाद आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार की थी।
बता दें कि लोनी निवासी प्रवेश गुर्जर ने दोस्त आदिल व इंतजार के माध्यम से बुलंदशहर निवासी बुजुर्ग अब्दुल समद से ताबीज बनवाया था। प्रवेश गुर्जर का आरोप है कि अब्दुल ने उससे डेढ़ साल में पांच लाख रुपये लिए, लेकिन ताबीज का कोर्ई असर नही हुआ। गत पांच जून को प्रवेश गुर्जर ने आदिल व इंतजार के जरिए अब्दुल समद को बुलाया व मारपीट करते हुए उसकी विडियो बनाकर वायरल किया गया। जिसे कई लोगों ने ट्वीट कर सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास किया। दाढ़ी काटने की घटना 5 जून को हुई और उसका केस 7 जून को दर्ज हुआ। 9 दिन बाद 14 जून को घटना की वीडियो वायरल हुई तो बखेड़ा हो गया। सपा नेता ने अब्दुल के साथ फेसबुक लाइव के माध्यम से माहौल बिगाडऩे की कोशिश की। अब्दुल की तहरीर पर लोनी बार्डर थाना पुलिस ने मारपीट करने वालों को गिरफ्तार कर सपा नेता उम्मेद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया। क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर संजय पांडे की टीम ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर सपा नेता को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद आरोपी को क्राइम ब्रांंच कार्यालय लाया गया, वहां पूछताछ के बाद सपा नेता ने बताया कि पुलिस के केस दर्ज करने के बाद से ही वह दिल्ली भागकर अपने करीबियों के घर छिपा गया। उसके बाद पुलिस से बचने के लिए बार-बार अपने ठिकाने बदलने लगा। सपा नेता का कहना है कि वह बहकावे में आकर ऐसा किया है। जिसका पछतावा भी है। सपा नेता ने खुद ही बुजुर्ग से संपर्क किया था। 16 जून को पुलिस ने सपा नेता उम्मेद पहलवान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। जिसका पता चलते ही वह फरार हो गया। फरार होने के बाद पहले बुलंदशहर भागा और उसके बाद दिल्ली में जाकर अपने ठिकाने बदल-बदल कर रहने लगा। कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी ने अपना नंबर बंद किया हुआ था, लेकिन वाट्सएप से पुलिस पर की कार्यवाई पर नजर रखें हुए था। जब पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू किया तो 17 जून को फेसबुक के माध्यम से एसएसपी से मिलने की बात कहीं थी। सपा नेता की गिरफ्तारी के लिए पुलिस गुरूवार रात और शुक्रवार सुबह एसएसपी आवास के आसपास डेरा डाले रही, लेकिन वह नही पहुंचा। क्योंकि उसे पता चल गया था कि एसएसपी आवास के आसपास क्राइम ब्रांच की टीम मौजूद है। मगर शनिवार को क्राइम ब्रांच की टीम ने दिल्ली से आरोपी को गिरफ्तार कर ही लिया।
















