खुशखबरी: नगर निगम बढ़ाएगा मालियों का वेतन

– भारतीय मजदूर संघ की मध्यस्थता में निगम अधिकारियों एवं आंदोलनकारी मालियों की हुई बैठक
– मालियों के वेतन वृद्धि का मसौदा तैयार, नगर निगम बोर्ड बैठक में रखा जाएगा प्रस्ताव

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। कोरोना संकटकाल में नगर निगम कंट्रैक्ट पर काम कर रहे मालियों को वेतन वृद्धि का तोहफा देगा। वेतन बढ़ोत्तरी के बाबत मसौदा तैयार कर लिया गया है और जल्द ही नगर निगम बोर्ड बैठक में इसे रखा जाएगा। बोर्ड की सहमति के बाद नया वेतनमान लागू कर दिया जाएगा। नगर निगम के इस निर्णय से सैकड़ों माली खुश हैं। शनिवार को नगर निगम मुख्यालय में भारतीय मजदूर संघ की मध्यस्ता में नगर निगम अधिकारियों और आंदोलन कर रहे मालियों के प्रतिनिधियों के बीच इसको लेकर चर्चा हुई। बैठक के बाद आंदोलन कर रहे मालियों ने कार्य बहिष्कार का निर्णय वापस लेते हुए काम पर लौटने का एलान किया।
गाजियाबाद नगर निगम के उद्यान विभाग में सीएलसी के माध्यम से ठेका पर काम रहे माली पिछले दो सप्ताह से आंदोलन कर रहे हैं। आंदोलन के तहत मालियों ने कार्य बहिष्कार का एलान करते हुए काम बंद कर दिया था। दरअसल मालियों की मांग थी कि तत्काल उनकी वेतन वृद्धि का आदेश लागू किया जाये। लेकिन तकनीकि कारणों से ऐसा करना संभव नहीं है। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने कर्मचारियों के हितों का ध्यान रखते हुए निगम अधिकारियों को मालियों से वार्ता करने का निर्देश दिया। अपर नगरायुक्त आरएन पांडे और उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज सिंह ने विरोध प्रदर्शन कर रहे मालियों को आश्वासन दिया कि उनका वेतन बढ़ाया जाएगा और इसकी तैयारी पूर्व में ही कर ली गई है। लेकिन वेतन बढ़ोत्तरी का प्रस्ताव सदन से पास होने के बाद ही लागू हो सकता है। माली इससे संतुष्ट नहीं हुए और तत्काल वेतन बढ़ाने की मांग पर अड़े रहे। मजदूरों के राष्ट्रीय संगठन भारतीय मजदूर संघ भी मालियों के समर्थन में उतर आया और नगर निगम पर वेतन बढ़ाने का दवाब बनाया। इसके बाद शनिवार को भारतीय मजदूर संगठन के पदाधिकारियों की मध्यस्थता में नगर निगम अधिकारियों एवं मालियों में समझौता हुआ कि मालियों के वेतन वृद्धि का प्रस्ताव नगर निगम सदन के माध्यम से बढ़ाया जाएगा। बिना सदन की सहमति के ऐसा कर पाना संभव ही नहीं है। निगम अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वास्त किया कि आगमी बोर्ड बैठक में प्रस्ताव को रखा जाएगा और इसे जल्द से जल्द लागू किया जाएगा। इसके बाद माली संतुष्ट हुए। नगर निगम में वर्तमान में लगभग 700 से अधिक माली ठेके पर काम कर रहे हैं। इन मालियों के कार्य बहिष्कार पर चले जाने से उद्यान विभाग का काम-काज प्रभावित हो रहा था। लेकिन अब मालियों ने आंदोलन खत्म कर दिया है और वह कल से काम पर लौट आएंगे।

महापौर एवं नगर आयुक्त मालियों के वेतन वृद्धि के पक्ष में पूर्व से ही थे। लेकिन वेतन वृद्धि नीतिगत फैसला है जो नगर निगम की सदन की सहमति से ही संभव है। वेतन वृद्धि का मसौदा तैयार कर लिया गया है और इसे सदन की बैठक में रखा जायेगा। कार्य बहिष्कार कर रहे मालियों को यह बात समझाई गई और अब वह संतुष्ट हैं। उन्होंने फिर से काम पर वापस लौटने की बात कही है। शनिवार को हुई वार्ता में मजदूर संगठन से जुड़े पदाधिकारी भी मौजूद थे।
आरएन पांडे
अपर नगरायुक्त
गाजियाबाद नगर निगम

माली नगर निगम के अंग हैं। इनके सहयोग से ही हम गाजियाबाद शहर को हरा भरा बनाने का काम कर रहे हैं। यह खुशी की बात है कि मालियों का वेतन बढ़ेगा और उन्होंने कार्य बहिष्कार का निर्णय वापस ले लिया है। नगर निगम द्वारा पूर्व में ही वेतन बढ़ोत्तरी का निर्णय लिया गया था। लेकिन कोरोना संकट काल में बोर्ड बैठक नहीं हो पाने के कारण यह प्रस्ताव अभी तक पास नहीं हो पाया है। माली नगर निगम की शान हैं और इनकी भलाई के लिए हर संभव काम किया जाएगा। इन्हीं की मदद से ग्रीन गाजियाबाद के सपने को पूरा किया जाएगा।
डॉ. अनुज सिंह
उद्यान प्रभारी
गाजियाबाद नगर निगम