अमित शाह का ममता बनर्जी पर तीखा हमला

गृह मंत्री बोले, चुनाव आते-आते अकेली रह जाएंगी दीदी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मिदनापुर में शनिवार को आयोजित रैली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख एवं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने ममता सरकार पर लोकतंत्र को दबाने का आरोप मढ़ा। शाह ने कहा कि विधान सभा चुनाव आते-आते टीएमसी में ममता अकेली रह जाएंगी। रैली के दौरान टीएमसी छोड़कर आए कुछ कद्दावर नेताओं ने भाजपा की सदस्यता भी ग्रहण की। जिनमें ममता बनर्जी के करीबी और पूर्व मंत्री सुवेंदु अधिकारी भी शामिल हैं। रैली में गृह मंत्री शाह ने कहा कि ममता बनर्जी ने भाई-भतीजावाद को बढ़ावा दिया है। उन्होंने मां, माटी, मानुष की परिभाषा बदल दी है। शाह ने टीएमसी में मची भगदड़ पर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा कि चुनाव आते-आते ममता बनर्जी अकेली रह जाएंगी। शाह ने दावा किया कि 200 सीटों के साथ बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी। इससे पहले गृह मंत्री अमित शाह ने मिदनापुर में किसान सनातन सिंह के घर खाना खाया। इस दरम्यान उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और मुकुल रॉय भी मौजूद रहे। गृह मंत्री शाह ने ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में गुंडों का राज चल रहा है। ममता बनर्जी ने गरीब, किसानों को उनका हक नहीं मिलने दिया। किसान का हक टीएमसी कार्यकर्ताओं को दिया गया। ममता सरकार ने किसानों की सहायता नहीं होने दी। शाह ने ममता सरकार पर लोकतंत्र को दबाने की कोशिश का आरोप भी मढ़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं की हत्या की गई। सत्ता में आने के बाद भजपा पश्चिम बंगाल को सोनार बांग्ला बना देगी। शाह ने कहा कि दीदी कहती हैं कि भाजपा दल बदल कराती है, मगर ममता दीदी खुद बताएं कि आपकी असली पार्टी कौन सी थी। जब कांग्रेस छोड़ तृणमूल बनाई, वो दल-बदल नहीं था क्या ? आपके अन्याय के कारण लोग पार्टी छोड़कर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यहां के लोग मां माटी मनुष्य के नारे के साथ निकले थे, मगर ममता ने इस नारे को भ्रष्टाचार में बदल दिया। शाह ने कहा कि दीदी कान खोल के सुन लो इस बार 200 सीटों से ज्यादा के साथ भाजपा सरकार बनाने जा रही है। बता दें कि गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल मं 2 दिन के दौरे पर हंै। इस दौरान उन्होंने क्रांतिकारी खुदीराम बोस के परिवार से मुलाका करने के अलावा स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि दी। कुछ दिन पहले भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी बंगाल का दौरा किया था। पश्चिम बंगाल में अगले साल विधान सभा चुनाव होने हैं। इसके चलते भाजपा निरंतर सक्रियता बढ़ा रही है।