सुरक्षा बलों से मुठभेड़ में 4 नक्सली ढेर, हथियार बरामद

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जनपद की घटना

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सुकमा जनपद में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। ऐसे में दोनों तरफ से गोलीबारी हुई। इस बीच 4 नक्सली ढेर हो गए। नक्सलियों के पास से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं। बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी के मुताबिक जगरगुंडा थाना क्षेत्र में नक्सली गतिविधि की सूचना मिली थी। इसके बाद डीआरजी और सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के संयुक्त दल को गश्त के लिए रवाना किया गया। यह दल फुलमपार गांव के जंगल में पहुंचा, तभी नक्सलियों ने उस पर गोलीबारी शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि कुछ देर तक दोनों तरफ से गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए। बाद में सुरक्षा बलों ने घटनास्थल की तलाशी ली। इस दौरान वहां से 4 नक्सलियों के शव, एक रायफल, देशी बंदूक और विस्फोटक सामग्री बरामद की। पुलिस अधिकारी का कहना है क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है। मौके से फरार नक्सलियों के विषय में जानकारी जुटाई जा रही है। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बता दें कि सुकमा जिला लंबे समय से नक्सल प्रभावित है। वहां नक्सली समय-समय पर घात लगाकर सुरक्षा बलों को निशाना बनाते रहते हैं। नक्सली हमलों से बचने को सुरक्षा जवानों को दिन-रात बेहद सतर्क रहना पड़ता है। छत्तीगढ़ के विभिन्न जिलों में नक्सलियों की जड़ें गहरी हैं। हमला करने के बाद वह आमतौर पर घने जंगलों में जाकर छुप जाते हैं।