विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में 1380 पात्रों को मिला योजनाओं का लाभ

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा शुक्रवार को कौशांबी वार्ड-72 में विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पहला कार्यक्रम ईडीएम मॉल में, दूसरा कार्यक्रम सेंट्रल पार्क कौशांबी में हुआ। जिसमें लगभग 1380 लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिला। अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव ने बताया नगर निगम द्वारा 64 कार्यक्रम विकसित भारत संकल्प यात्रा के संपन्न हो चुके हैं। कौशांबी में विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम क्षेत्रीय पार्षदों, जनप्रतिनिधियों के सहयोग से किया गया।

पात्रों को योजनाओं के लाभ के साथ-साथ सर्टिफिकेट भी दिए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा उपस्थित हुए। जिनके द्वारा आत्मनिर्भर भारत की शपथ भी दिलाई गई। अंतिम कार्यक्रम 21 जनवरी को होगा। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में नगर निगम सीमा अंतर्गत संपन्न हुए 64 कार्यक्रमों की प्रशंसा जनप्रतिनिधियों ने की। वसुंधरा जोन में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान जोनल प्रभारी एसके राय ने कार्यक्रम की रूपरेखा में विशेष भूमिका निभाई।