1800 पुलिसकर्मी संभालेंगे गाजियाबाद में मतगणना में सुरक्षा की कमान

-7 ड्रोन कैमरों व 240 बॉडी वॉर्न कैमरों से होगी निगरानी
-पुलिस कमिश्नर अजय मिश्र ने दिए शांतिपूर्ण, पारदर्शिता से काउंटिंग कराने के सख्त निर्देश

गाजियाबाद। लोकसभा चुनाव की आगामी 4 जून मंगलवार को गोविंदपुरम स्थित अनाज मंडी परिसर में सुबह 8 बजे से शुरू होने वाली मतगणना पुलिस फोर्स की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू होगी। मतगणना को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शिता से संपन्न कराने के लिए लगभग 1800 पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगे। वहीं,मतगणना की 7 ड्रोन कैमरों और 240 बॉडी वॉर्न कैमरों से निगरानी की जाएगी। जिला प्रशासन के साथ-साथ पुलिस की ओर से मतगणना के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। 4 जून को होने वाली मतगणना में दो शिफ्ट में पुलिसकर्मी ड्यूटी पर मुस्तैद रहेंगे। पुलिस की चप्पे-चप्पे पर नजर रहेगी। मंडी परिसर में चेकिंग के लिए 25 डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर मशीन (डीएफएमडी) लगाई जाएंगी और 7 ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। वहीं,हापुड़ रोड पर हापुड़ चुंगी से गोविंदपुरम मंडी के सामने तक रूट डायवर्जन रहेगा। मतगणना स्थल की ओर कोई भी वाहन नहीं जा सकेंगे।

पुलिस कमिश्नर अजय कुमार मिश्र ने बताया कि मतगणना में शांति व्यवस्था बनाए रखने और पारदर्शिता के साथ मतगणना कराने के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इस दौरान 240 बॉडी वॉर्न कैमरे पुलिसकर्मियों को दिए गए हैं। साथ ही भीड़ वाले इलाके में सात ड्रोन कैमरों से भी निगरानी रखी जाएगी। वहीं,मतगणना में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 1410 सिविल पुलिसकर्मी, 300 ट्रैफिक पुलिसकर्मी, 7 सहायक पुलिस आयुक्त समेत अन्य फोर्स समेत करीब 1800 पुलिसकर्मी मतगणना के दिन तैनात रहेंगे। पुलिसकर्मियों के लिए अनाज मंडी में दो टेंट की व्यवस्था की गई है। इनमें पुलिसकर्मी बैठकर जलपान कर सकेंगे।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि इसके अलावा मतगणना स्थल पर वाहनों से आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग दो पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों,प्रत्याशियों व मीडियाकर्मियों के लिए मंडी के सामने हरसांव पुलिस लाइन के खाली मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इन सभी वाहनों के लिए पुलिस की तरफ से वाहन पास जारी किए जाएंगे। इनके अलावा मतगणना में आने वाले कर्मचारी,पुलिसकर्मियों व प्रत्याशियों के मतगणना एजेंटों के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था एनडीआरएफ बटालियन के सामने खाली पड़े मैदान में की गई हैं।