शांतिपूर्ण तरीके से आपसी समन्वय बनाकर अधिकारी संपन्न कराए मतगणना: इन्द्र विक्रम सिंह

-कार्मिकों को वेलकम ड्रिंक के रूप में ओआरएस का घोल देने के दिए निर्देश
-मतगणना की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को दी जिम्मेदारी

गाजियाबाद। लोकसभा चुनाव की आगामी 4 जून को होने वाली मतगणना को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शिता तरीके से आपसी समन्वय बनाकर अधिकारी संपन्न कराएं। शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने मतगणना की व्यवस्थाओं को लेकर बैठक में अधिकारियों को यह दिशा-निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने कहा कि मतगणना में लगने वाले कार्मिकों को वेलकम ड्रिंक के रूप में ओआरएस का घोल दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के क्रम में ही मतगणना की तैयारियों की पूरी व्यवस्था होनी चाहिए। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश में ही मतगणना संपन्न होगी। बैठक के दौरान मीडिया कर्मियों के पास, वाहन पास सहित अन्य व्यवस्था  के बारे में चर्चा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र प्रताप सिंह और परियोजना निदेशक पीएन दीक्षित को निर्देश दिए कि मीडिया कर्मियों को मूलभूत सुविधाओं व आवश्यक सूचनाओं की कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि मीडियाकर्मी, निर्वाचन कार्मिक,प्रत्याशी व उनके एजेंट तीन चरणों में मतगणना स्थल पर पहुंचेंंगे। प्रथम चरण में पुलिस लाइन रोड जो कि नो व्हीकल जॉन रहेगा। एडीएम सिटी गंभीर सिंह व पुलिस अधिकारी रहेंगे, जो वाहन पास वाले वाहनों को पार्किंग तक पहुंचने की इजाजत देंगे। इसी के साथ कानून व्यवस्था और ऑब्जर्वर संबंधी व्यवस्था देखेंगे। इसके बाद दूसरे चरण में मतगणना स्थल पर पहुंचने के लिए मुख्य द्वार पर जीडीए ओएसडी गुंजा सिंह व पुलिस अधिकारी रहेंगे जो कि सुरक्षा व्यवस्था देखते हुए अनुमन्य व्यक्तियों को मतगणना स्थल में प्रवेश देगें। तीसरे चरण में मीडियाकर्मी, प्रत्याशी व एजेंट, कार्मिक अपने-अपने मतगणना हॉल में जाएंगे। नगर निगम की सहायक नगर आयुक्त पल्लवी सिंह व पुलिस अधिकारी ड्यूटी पर रहेंगे। प्रवेश के दौरान उनके प्रवेश पास देखेंगे। यह अधिकारी यह भी सुनिश्चित करेंगे कि किसको किस हॉल या टेंट में जाने के लिए स्वीकृति प्राप्त है। मतगणना के दौरान सभी को उनकी ड्यूटी समझाते हुए बताया गया कि सभी को शांतिपूर्ण कार्य करते हुए सभी के साथ सौहार्दपूर्ण वार्ता करनी है और आपसी समन्वय बनाते हुए कार्य करना है।

पब्लिक कम्यूनिकेशन हॉल में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव ड्यूटी पर रहेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. सीमा बालियान को निर्देश दिए कि मतगणना स्थल पर भोजन,पानी आदि की व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए। मतगणना स्टेशनरी से संबंधित कार्य जिला पंचायत राज अधिकारी प्रदीप कुमार द्विवेदी देखेंगे। पेयजल, शौचालय सहित अन्य नगर निगम से संबंधित व्यवस्था जलकल विभाग के महाप्रबंधक केपी आनंद एवं नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह देखेंगे। इसके साथ ही अन्य व्यवस्थाओं के लिए अन्य अधिकारियों को नियुक्त किया गया है। वहीं,मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.भवतोष शंखधर को निर्देशित किया कि कार्मिकों को वेलकम ड्रिंक के रूप में ओआरएस का घोल पिलाया जाए।

इसके साथ ही समय पर समय पर उन्हें जल के साथ एनर्जी ड्रिंक भी दी जाए। डॉक्टरों की टीम गठित की जाए। ताकि वह किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए तुरंत तैयार रहे। बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को बेस्ट ऑफ लक कहते हुए निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार कार्य करते हुए आपसी समन्वय बनाने के लिए निर्देशित किया गया। बैठक में डीसीपी सिटी कुंवर ज्ञानंजय सिंह, एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह, एडीएम एलए शैलेंद्र कुमार भाटिया, सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर, एडीएम सिटी गंभीर सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व सौरभ भट्ट, सिटी मजिस्ट्रेट अजय अम्बष्ट, एसडीएम सदर अरुण दीक्षित, तहसीलदार रवि सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हरिकृष्ण शर्मा एवं प्रभारी आदि अधिकारी मौजूद रहे।