एक्सप्रेसवे से गोशाला तक 22 किमी सड़क बनेगी, 22 करोड़ खर्च होंगे

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण द्वारा आगरा में यमुना एक्सप्रेसवे के समीप गौशाला का निर्माण करवाया गया है। गौशाला तक यमुना एक्सपेसवे से पहुँच मार्ग बनाने का भी निर्णय लिया गया है। इस 22 किलोमीटर लम्बे मार्ग का निर्माण प्राधिकरण द्वारा किया जायेगा, जिस पर करीब 22 करोड़ 15 लाख का व्यय किया जायेगा। यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-18 में प्रस्तावित कार्यालय भवन के संशोधित डिजाइन को बोर्ड द्वारा अनुमोदित किया गया। प्राधिकरण द्वारा नॉएडा इन्टरनेशनल एयरपोर्ट के समीप सेक्टर-08एफ को लॉजिस्टिक व वेयरहाउसिंग के रूप में विकसित किये जाने का निर्णय लिया गया है।

इस के लिए मार्केट एसेसमेन्ट व डिमाण्ड के दृष्टिगत इसका अध्ययन एक परामर्शदाता संस्था से कराये जाने का निर्णय लिया गया है। परामर्शदाता संस्था द्वारा भूखण्ड के आकार एवं अन्य आवश्यकताओं के परीक्षण के उपरान्त ले-आउट को तैयार कर भविष्य में योजना लाई जानी प्रस्तावित है।

यमुना प्राधिकरण के फेज-2 क्षेत्र में जनपद हाथरस के अधिसूचित क्षेत्र में अर्बन सेन्टर विकसित किये जाने का निर्णय लिया गया। इसके लिए परामर्शदायी संस्था के चयन के लिए निविदा आमंत्रित की गई है। फेज-2 क्षेत्र के अन्तर्गत आगरा अर्बन सेन्टर की महायोजना 2011 की ड्राफ्ट रिपोर्ट बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत की गयी। प्राधिकरण द्वारा नोएडा अपैरल एक्सपोर्ट क्लस्टर पार्क की प्रगति से बोर्ड को अवगत कराया गया।प्राधिकरण द्वारा मेडिकल डिवाईसेज पार्क की प्रगति से बोर्ड को अवगत कराया गया।