गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की रिक्त संपत्तियों को खरीदने के लिए खरीदारों की अच्छी खासी भीड़ नीलामी में आ रही है। शनिवार को दूसरे दिन भी रिक्त 25 भूखंडों को खुली बोली के तहत नीलामी में बेचा गया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर जीडीए की रिक्त संपत्तियों को बेचने के लिए शुक्रवार और शनिवार को दो दिन नीलामी का आयोजन किया गया। शनिवार को जीडीए परिसर में नीलामी का आयोजन किया गया। जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह की अध्यक्षता में ओएसडी कनिका कौशिक, सहायक अभियंता, लेखाकार, वरिष्ठ लिपिक, व्यवसायिक टीम की मौजूदगी में सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक नीलामी का आयोजन किया गया।
जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को खुली बोली नीलामी के तहत इंदिरापुरम योजना के 11 भूखंड, मधुबन-बापूधाम योजना के 8 भूखंड, प्रताप विहार और शास्त्री नगर योजना का 1-1 भूखंड, यूपी बॉर्डर चिकम्बरपुर 2 भूखंड और वैशाली योजना के 2 भूखंड समेत 25 भूखंडों को अधिकतम बोली लगाने पर नीलामी में बेचा गया। इन भूखंडों की बिक्री होने से जीडीए को करीब 118.36 करोड़ रुपए की आय प्राप्त होगी। जीडीए की शुक्रवार और शनिवार को दो दिवसीय नीलामी में कुल 42 भूखंडों को अधिकतम दर पर बोली लगाने के बाद बेचा गया। इससे जीडीए को करीब 142 करोड़ रुपए की आय हुई।
बता दें कि शुक्रवार को लोहियानगर स्थित हिंदी भवन में आयोजित नीलामी में गोविंदपुरम योजना के 17 रिक्त भूखंडों को नीलामी में बेचा गया था। इसे जीडीए को करीब 20.72 करोड़ रुपए की आय हुई। नीलामी में गोविंदपुरम योजना का 40 वर्गमीटर का भूखंड अधिकतम 5.10 लाख रुपए प्रति वर्ग मीटर की बोली से करीब 2 करोड़ रुपए में बेचा गया। जीडीए के अपर सचिव ने बताया आगामी शुक्रवार 27 सितंबर को भी नीलामी का आयोजन हिंदी भवन में किया जाएगा।
















