आवासीय योजना ड्रा में 276 लोगों की किस्मत चमकी

-इंडिया एक्सपो मार्ट में आवेदकों के नाम की पर्ची निकालकर भूखंडों का आवंटन किया गया
-200 वर्गमीटर के 276 भूखंड के लिए 54223 आवेदकों ने आवेदन किया था

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण की आवासीय योजना का ड्रा शुक्रवार को निकाला गया। इंडिया एक्सपो मार्ट में 276 लोगों की किस्मत का फैसला हो गया। जिनका भूखंड निकला, वह खुशी से झूम उठे।
यमुना प्राधिकरण ने 21 अप्रैल को आवासीय भूखंड योजना निकाली थी। इस योजना में 200 वर्गमीटर के 276 भूखंड शामिल हैं। इसमें सामान्य वर्ग के लिए 214, किसान कोटे के लिए 48 व 14 भूखंड क्रियाशील औद्योगिक श्रेणी के लिए आरक्षित हैं। यीडा क्षेत्र में नोएडा एयरपोर्ट के नजदीक घर बनाने के लिए 54289 आवेदन मिले थे। यीडा ने आपत्ति दर्ज कराने के लिए आवेदकों को मौका दिया था।

आवेदनों की जांच के बाद प्राधिकरण ने 66 आवेदनों को रद कर दिया। शेष 54223 आवेदकों की अंतिम सूची यीडा ने अपने पोर्टल पर अपलोड कर दी है। योजना का ड्रा शुक्रवार को निकाला गया। इंडिया एक्सपो मार्ट में निकाले गए ड्रॉ में तमाम आवेदक पहुँचे। जो नहीं आये वह ऑनलाइन ड्रॉ देखा। प्रधिकरण द्वारा गठित समिति की निगरानी में ड्रा निकाला गया। यीडा सीईओ राकेश कुमार सिंह कहना है कि लॉटरी प्रक्रिया इंडिया एक्सपो मार्ट में संपन्न कराई गई। ड्रा का सोशल मीडिया के 11 प्लेटफार्म पर लाइव प्रसारण किया गया। इस मौके पर एसईओ कपिल सिंह, ओएसडी शैलेन्द्र भाटिया, ओएसडी शैलेन्द्र सिंह, नंद किशोर सुंदरियाल आदि मौजूद रहे।