मॉडर्न कॉलेज में 500 प्रतिभागियों ने योग से जोड़ा जीवन, बना आत्मबल और स्वास्थ्य का पर्व

-प्रसिद्ध योग प्रशिक्षिका डॉ. सुनंदा सिंह के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने साधा संतुलन

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मॉडर्न कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज एवं मॉडर्न कॉलेज ऑफ लॉ में शनिवार को संयुक्त रूप से आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम एक भव्य और अनुशासित आयोजन के रूप में संपन्न हुआ। कॉलेज परिसर में आयोजित इस विशेष योग शिविर में करीब 500 छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं कर्मचारी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहीं प्रसिद्ध योग प्रशिक्षिका डॉ. सुनंदा सिंह ने उपस्थित प्रतिभागियों को ताड़ासन, मत्स्यासन, भुजंगासन, हलासन, सूर्य नमस्कार, पद्मासन, सुखासन, एवं कपालभाति, भ्रामरी प्राणायाम, अनुलोम-विलोम जैसे महत्वपूर्ण आसनों और प्राणायामों का अभ्यास कराया।

उन्होंने यह भी बताया कि योग न केवल शारीरिक संतुलन देता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता और आत्मिक शक्ति का भी स्रोत है। इस अवसर पर कॉलेज के सचिव विनीत गोयल ने कहा कि नियमित योग अभ्यास केवल एक शारीरिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि जीवन को स्वस्थ, संतुलित और तनावमुक्त रखने का संपूर्ण विज्ञान है। यह मधुमेह, उच्च रक्तचाप, थायरॉइड जैसी कई बीमारियों से निजात दिलाने में अत्यंत प्रभावी है।

उन्होंने यह भी आह्वान किया कि हर छात्र और शिक्षक को योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। योग शिविर के सफल आयोजन में महाविद्यालय के सभी विभागाध्यक्षों, शिक्षकगणों, छात्र-छात्राओं, शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मियों की भूमिका सराहनीय रही। पूरे आयोजन ने यह सिद्ध कर दिया कि मॉडर्न कॉलेज न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता बल्कि स्वास्थ्य और संस्कृति को लेकर भी सजग और संकल्पित है।