वैशाली सेक्टर-1 में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जय हिंद योगा ग्रुप का भव्य आयोजन

-सैकड़ों लोगों ने लिया भाग, योग को जीवनशैली बनाने का लिया संकल्प

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को वैशाली सेक्टर-1 स्थित जय हिंद योगा ग्रुप द्वारा एक भव्य योग समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में स्थानीय निवासियों, गणमान्य व्यक्तियों और योग साधकों ने भाग लिया। इस आयोजन ने न केवल योग के महत्व को दोहराया, बल्कि सामूहिक ऊर्जा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का अद्भुत उदाहरण भी प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाया मुख्य अतिथि पार्षद कुसुम गोयल और पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल ने, जिनकी उपस्थिति ने जनसमूह में नया उत्साह भर दिया। इसके साथ ही ब्रह्माकुमारी संस्थान की मुख्य प्रचारक, तथा क्षेत्र के प्रतिष्ठित नागरिक जैसे घनश्याम दास गुप्ता, सुभाष शर्मा, बी.के. शर्मा, अशोक वर्मा, वीरसेन मित्तल, राजकुमार गर्ग, संजय कटारिया, पंकज वर्मा, देवेंद्र गर्ग, सुनील कटिहार, अवधेश कटिहार, नरेंद्र वर्मा, गौरव अग्रवाल, एडवोकेट अनिल, डॉ. रितु वर्मा, रीति फाउंडेशन के डॉ. नरेंद्र सारस्वत सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने उपस्थिति दर्ज कराई।

कार्यक्रम के दौरान योग विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम की विधियों का अभ्यास कराया गया। उपस्थित लोगों ने योग के शारीरिक, मानसिक और आत्मिक लाभों को समझा और योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया। जय हिंद योगा ग्रुप द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम क्षेत्रवासियों के लिए न केवल स्वास्थ्य का उत्सव बना, बल्कि सामाजिक एकजुटता और जागरूकता का एक सशक्त उदाहरण भी प्रस्तुत किया। आयोजन में महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी यह दर्शाती है कि योग अब एक आंदोलन बन चुका है, जो हर आयु वर्ग को जोड़ रहा है।