-44 टीमों ने दिखाई खेल प्रतिभा, क्वार्टर और सेमीफाइनल मुकाबलों में रोमांचक प्रदर्शन, नेहरू वर्ल्ड स्कूल के डायरेक्टर डॉ. अरुणाभ सिंह ने खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित किया
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शास्त्री नगर स्थित नेहरू वर्ल्ड स्कूल की मेजबानी में शुक्रवार, 05 दिसंबर 2025 से 64वीं उत्तर प्रदेश सीनियर स्टेट पुरुष बास्केटबॉल चैम्पियनशिप का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की कुल 44 टीमों ने हिस्सा लिया। इन दिनों तक चले रोमांचक मुकाबलों में हर टीम ने अपनी बेहतरीन खेल क्षमता और रणनीति का प्रदर्शन किया। क्वार्टर फाइनल मुकाबले 10 दिसंबर 2025 को खेले गए। इन मुकाबलों में बागपत ने गाजियाबाद को 84-76 से हराया, मेरठ ने अलीगढ़ को 82-61 से परास्त किया। हाथरस ने बीएलडब्ल्यू को 67-62 से मात दी, जबकि उत्तर प्रदेश पुलिस ने आगरा को 55-34 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल मुकाबलों में भी दर्शकों का रोमांच चरम पर रहा। हाथरस ने मेरठ को 80-73 से परास्त किया, जबकि उत्तर प्रदेश पुलिस ने बागपत को 78-58 से मात दी। इस तरह फाइनल मुकाबला उत्तर प्रदेश पुलिस और हाथरस के बीच तय हुआ।
गुरुवार की शाम 4 बजे खेले गए फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने हाथरस को 88-55 से हराकर खिताब अपने नाम किया। तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में बागपत ने मेरठ को 64-56 से हराया। इस प्रकार टूर्नामेंट का परिणाम रहा: उत्तर प्रदेश पुलिस प्रथम, हाथरस द्वितीय और बागपत तीसरे स्थान पर। इस दौरान खिलाडिय़ों के उत्साहवर्धन के लिए कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। एसएसके पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर गुलशन भामरी, रोजबैल पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर जोगिंदर सिंह, जेकेजी स्कूल के डायरेक्टर एवं बास्केटबॉल एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष करुण गौड़, और जिला सचिव ने खिलाडिय़ों का प्रोत्साहन किया।
नेहरू वर्ल्ड स्कूल के डायरेक्टर डॉ. अरुणाभ सिंह ने कहा कि इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों ने उत्कृष्ट खेल कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन किया। बास्केटबॉल केवल एक खेल नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम वर्क और रणनीति की परीक्षा है। मुझे गर्व है कि हमारा स्कूल इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है और खिलाडिय़ों को मंच उपलब्ध करवा रहा है। टूर्नामेंट में शामिल टीमों ने अपने खेल के माध्यम से युवा प्रतिभाओं की क्षमता को उजागर किया। क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में हुए मुकाबले दर्शकों के लिए यादगार रहे। खिलाडिय़ों ने केवल अंक जुटाने पर ध्यान नहीं दिया बल्कि शानदार खेल संयोजन, पासिंग, डिफेंस और फास्ट ब्रेक जैसी तकनीकी खूबियों का प्रदर्शन भी किया। खेल आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य न केवल बास्केटबॉल खेल को बढ़ावा देना है, बल्कि प्रदेश में खेल संस्कृति को भी मजबूती प्रदान करना है।
प्रत्येक टीम ने अनुशासन, खेल भावना और संगठन के नियमों का पालन किया। दर्शकों ने मुकाबलों का भरपूर आनंद लिया और खिलाडिय़ों को आवाज़ देकर उत्साहित किया। 64वीं उत्तर प्रदेश सीनियर स्टेट पुरुष बास्केटबॉल चैम्पियनशिप ने प्रदेश में बास्केटबॉल के स्तर को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई है। यह प्रतियोगिता न केवल खिलाडिय़ों के लिए बल्कि युवा दर्शकों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी। नेहरू वर्ल्ड स्कूल, गाजियाबाद ने प्रतियोगिता का संचालन और आयोजन बड़े ही व्यवस्थित तरीके से किया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन विजेता टीम उत्तर प्रदेश पुलिस को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। उपविजेता टीम हाथरस और तीसरे स्थान की टीम बागपत को भी सम्मानित किया गया।
इस प्रतियोगिता ने प्रदेश के युवा खिलाडिय़ों में खेल के प्रति उत्साह और प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देने के साथ ही बास्केटबॉल के प्रति नए खिलाडिय़ों को भी आकर्षित किया। आयोजकों और मुख्य अतिथियों ने भविष्य में और अधिक प्रतियोगिताओं का आयोजन करने की योजना बनाने का संकल्प लिया। इस तरह 64वीं उत्तर प्रदेश सीनियर स्टेट पुरुष बास्केटबॉल चैम्पियनशिप गाजियाबाद में आयोजित होकर न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच दिया, बल्कि बास्केटबॉल के प्रति जागरूकता और खेल संस्कृति को भी प्रोत्साहित किया।
















