मॉडर्न कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज में हर्षोल्लास से मनाया गया 79वां स्वतंत्रता दिवस

-ध्वजारोहण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रेरणादायी संबोधनों से गूंजा परिसर

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आनंद औद्योगिक क्षेत्र स्थित मॉडर्न कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज, मोहन नगर में शुक्रवार को स्वतंत्रता का 79वां पर्व बड़े हर्षोल्लास और गरिमामयी वातावरण में मनाया गया। सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम समिति के तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में देशभक्ति और उत्साह की झलक हर ओर दिखाई दी। कार्यक्रम की शुरुआत प्रात: 10 बजे दीप प्रज्वलन से हुई। इसके उपरांत संस्थान के सचिव विनीत गोयल, कोषाध्यक्ष योगेश गर्ग, प्रबंध समिति के सम्मानित सदस्य स्पर्श गर्ग एवं प्राचार्या प्रो. (डॉ.) निशा सिंह ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान की मधुर ध्वनि से परिसर गूंज उठा और उपस्थित छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति के नारों से वातावरण को प्रफुल्लित कर दिया। सभी विभागों के छात्र-छात्राओं ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को याद करते हुए देशभक्ति से ओतप्रोत भाषण, गीत, कविता और नृत्य प्रस्तुत किए।

मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और बार-बार तालियों की गडग़ड़ाहट से सभागार गूंज उठा। प्राचार्या प्रो. (डॉ.) निशा सिंह ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सच्ची स्वतंत्रता तभी संभव है जब शिक्षा केवल ज्ञान तक सीमित न रहकर विद्यार्थियों को जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनने की प्रेरणा दे। आज़ादी का अर्थ केवल अधिकारों का उपभोग नहीं, बल्कि कर्तव्यों का पालन भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने कौशल और विचारों से समाज और देश के विकास में सार्थक योगदान दें।

संस्थान के सचिव विनीत गोयल ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि आत्ममंथन का भी अवसर है। जिन वीरों ने प्राणों की आहुति दी, उनका सपना सशक्त और समृद्ध भारत का था। आज़ादी की रक्षा केवल सीमाओं पर तैनात सैनिक ही नहीं करते, बल्कि हर ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ नागरिक भी करता है। भारत के युवा इस राष्ट्र की नई ऊर्जा हैं और उन्हीं के संकल्प से भविष्य का निर्माण होगा।
प्रबंध समिति के सदस्य स्पर्श गर्ग ने भी सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। राष्ट्रगान की गूंज और मिष्ठान वितरण के साथ समारोह का भव्य समापन हुआ।