-डीएम मेधा रूपम ने किया ध्वजारोहण, बोलीं—कर्तव्यों का पालन ही सच्ची देशभक्ति
-आबकारी अधिकारी सुबोध श्रीवास्तव ने टीम को दिया अनुशासन और जनहित का संदेश
उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। जनपद का सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर शुक्रवार को आजादी के जश्न से सराबोर हो उठा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में देशभक्ति के तराने गूंजे और तिरंगे की शान देखते ही बन रही थी। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। राष्ट्रगान की गूंज से पूरा परिसर जोश और गर्व से भर गया। ध्वजारोहण के बाद महात्मा गांधी सभागार में आयोजित मुख्य समारोह में जिले के अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को और भी गरिमामय बना दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मेधा रूपम ने संबोधित करते हुए कहा कि आजादी केवल पर्व मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह हमें अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का स्मरण दिलाने का दिन है। राष्ट्र तभी प्रगति करेगा जब हम सब ईमानदारी और निष्ठा से अपने-अपने कर्तव्यों का पालन करेंगे। युवाओं को चाहिए कि वे राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ें और समाज को नई ऊर्जा दें। वहीं जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने अपनी टीम को अनुशासन और जनहित का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा कि कर्तव्यों का पालन और जनता की सेवा ही हमारी प्राथमिकता है। हर अधिकारी और कर्मचारी को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर आबकारी निरीक्षक आशीष पाण्डेय, अखिलेश बिहारी वर्मा, सचिन त्रिपाठी, डॉ. शिखा ठाकुर, नामवर सिंह, अभिनव शाही, संजय चन्द्र, सिराज और नितिन समेत आबकारी विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं जिले के अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी स्वतंत्रता दिवस की गरिमा बढ़ाने पहुंचे। कार्यक्रम में अनुशासन, देशभक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। तिरंगे के सम्मान और स्वतंत्रता दिवस के उल्लास ने कलेक्ट्रेट परिसर को एक अद्भुत आध्यात्मिक और राष्ट्रप्रेमी माहौल से भर दिया।

















