सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर गूंजा एकता का जयघोष- पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में भव्य एकता दौड़ का आयोजन

-सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर पुलिस कर्मियों, प्रशिक्षु सिपाहियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने दौड़ लगाकर दिया राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। भारत के लौह पुरुष, स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानी और देश की 562 रियासतों को भारत संघ में विलय कराने वाले युगपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस के तत्वावधान में एकता दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन का नेतृत्व पुलिस आयुक्त जे. रविन्द्र गौड़ ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सद्भावना और भाईचारे का संदेश प्रसारित करना रहा। यह दौड़ प्रात: साढ़े सात बजे रिजर्व पुलिस लाइन से प्रारम्भ हुई, जो डी.डी.पी.एस. विद्यालय के सामने से होती हुई सैंतालीसवीं वाहिनी प्रांतीय सशस्त्र बल, गोविन्दपुरम से वापस मुड़कर पुलिस लाइन में आकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में पुलिसकर्मियों, युवाओं और विद्यार्थियों के उत्साहपूर्ण नारे भारत माता की जय, वंदे मातरम और एक भारत – श्रेष्ठ भारत से वातावरण गूंज उठा। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त जे. रविन्द्र गौड़, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय एवं अपराध केशव कुमार चौधरी, पुलिस उपायुक्त नगर क्षेत्र धवल जायसवाल, पुलिस उपायुक्त ट्रांस हिंडन क्षेत्र निमिष पाटिल, पुलिस उपायुक्त यातायात त्रिगुण बिसेन सहित पुलिस आयुक्तालय के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस कर्मी, 587 प्रशिक्षु सिपाही, विद्यार्थी, युवा और अनेक नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस आयुक्त जे. रविन्द्र गौड़ ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति, संगठन क्षमता और दूरदर्शिता से देश को एक सूत्र में पिरोया। उन्होंने कहा कि एकता दौड़ केवल एक खेल नहीं, बल्कि यह राष्ट्र के प्रति समर्पण, अनुशासन और संगठन की भावना का प्रतीक है। हमें सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेकर देश की अखंडता और सुरक्षा के प्रति सदैव समर्पित रहना चाहिए। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त केशव कुमार चौधरी ने कहा कि समाज में जब तक एकता और भाईचारे की भावना बनी रहेगी, तब तक राष्ट्र निरंतर प्रगति करता रहेगा। गाजियाबाद पुलिस सदैव नागरिकों के सहयोग से शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए संकल्पित है। पुलिस उपायुक्त नगर क्षेत्र धवल जायसवाल ने कहा कि यह आयोजन युवाओं में राष्ट्रीय चेतना और देशभक्ति की भावना को जागृत करता है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाना ही आज का सच्चा राष्ट्रधर्म है।

पुलिस उपायुक्त ट्रांस हिंडन क्षेत्र निमिष पाटिल ने कहा कि इस दौड़ से हमें यह प्रेरणा मिलती है कि जब हम एकजुट रहते हैं, तो कोई भी चुनौती हमें विभाजित नहीं कर सकती। वहीं, पुलिस उपायुक्त यातायात त्रिगुण बिसेन ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं, बल्कि मानसिक और भावनात्मक रूप से देश से जुड़ाव का प्रतीक है। दौड़ के समापन पर प्रतिभागियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और राष्ट्र की एकता, अखंडता तथा सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लिया। सभी ने कहा कि वे देश की एकता और शांति के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। गाजियाबाद पुलिस आयुक्तालय द्वारा आयोजित यह एकता दौड़ केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि देशभक्ति, संगठन शक्ति और राष्ट्रीय एकता का जीवंत उदाहरण बन गई। सरदार पटेल के एक भारत- श्रेष्ठ भारत के सपने को साकार करने का यह सामूहिक प्रयास गाजियाबाद की धरती पर अमिट छाप छोड़ गया।