-एडिशनल सीपी कल्पना सक्सेना ने सुंदरदीप और खोड़ा शेल्टर होम का किया औचक निरीक्षण
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद में प्रशिक्षण हेतु नियुक्त जेटीसी रिक्रूट आरक्षियों के ठहरने और दैनिक आवश्यकताओं की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को एडिशनल पुलिस कमिश्नर (मुख्यालय) कल्पना सक्सेना ने सुंदरदीप और खोड़ा शेल्टर होम का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रिक्रूट आरक्षियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इस बात को विशेष रूप से प्राथमिकता दी। श्रीमती सक्सेना ने ठहराव स्थलों की स्वच्छता, सुरक्षा, खानपान और मूलभूत सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की और मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए व्यवस्था को और बेहतर बनाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि ये रिक्रूट आरक्षी भविष्य की पुलिस व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके प्रशिक्षण के दौरान रहने की परिस्थितियां मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ वातावरण देने वाली होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि रिक्रूट्स को कोई प्रशासनिक परेशानी न हो और उन्हें समय पर भोजन, पानी, स्वास्थ्य सेवाएं तथा पर्याप्त आरामदायक आवास मिले। एडिशनल सीपी ने अधीनस्थ अधिकारियों से यह भी कहा कि नियमित रूप से ऐसे ठहराव स्थलों की निगरानी की जाए ताकि प्रशिक्षण की गुणवत्ता के साथ-साथ रिक्रूट्स का मनोबल भी ऊंचा बना रहे। पुलिस विभाग की इस पहल को लेकर यह स्पष्ट संकेत गया है कि गाजियाबाद कमिश्नरेट अपने कार्मिकों के लिए केवल प्रशिक्षण ही नहीं, बल्कि समुचित देखरेख और सहयोग सुनिश्चित करने को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है।
















