आईटीएस गाजियाबाद में एमबीए बैच (2023-25) के छात्रों को दी गई यादगार विदाई

-रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भावनात्मक पलों से सजी शाम, छात्रों के चेहरे पर मुस्कान और आंखों में भावुकता

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मोहन नगर स्थित आईटीएस के चाणक्य ऑडिटोरियम में मंगलवार को एमबीए सत्र 2023-25 के छात्रों के लिए एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 3 बजे हुआ और पूरा ऑडिटोरियम छात्र-छात्राओं की यादों, उत्साह और भावनाओं से सराबोर नजर आया। समारोह की शुरुआत परंपरागत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। इस शुभ अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. वी.एन. बाजपेई, एमबीए चेयरपर्सन डॉ. उमा गुलाटी तथा कोऑर्डिनेटर प्रो. गुरप्रीत कौर मंच पर उपस्थित रहे। सभी गणमान्यजनों ने छात्रों को उनके आगामी जीवन की नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं और प्रेरणादायक विचार साझा किए। संस्थान के निदेशक डॉ. वी.एन. बाजपेई ने अपने उद्बोधन में छात्रों को विषम परिस्थितियों को अवसर में बदलने की सीख दी और उन्हें जीवन में हर परिस्थिति का डटकर सामना करते हुए आगे बढऩे की प्रेरणा दी। डॉ. उमा गुलाटी ने अपने वक्तव्य में सभी विद्यार्थियों को उनके प्रयासों, उपलब्धियों और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए उज्ज्वल करियर की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर आईटीएस-द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आर.पी. चड्ढा और वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा ने भी छात्रों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और उन्हें ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रेरित किया। समारोह में जूनियर छात्रों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे माहौल को उल्लासमय बना दिया। संगीत, नृत्य, अभिनय और फन गेम्स से सजी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और विदाई की इस शाम को यादगार बना दिया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों के बीच बीते दो वर्षों की स्मृतियां साझा की गईं, जिससे माहौल भावनात्मक हो गया। विदाई समारोह के दौरान विशेष उपलब्धियों और लोकप्रियता के आधार पर कुछ छात्रों को खिताबों से नवाजा गया।

कुणाल स्वामी को मिस्टर फेयरवेल और साक्षी सिंह को मिस फेयरवेल घोषित किया गया। वहीं, आशुतोष मिश्रा को मिस्टर पॉपुलर और वर्तिका सक्सेना को मिस पॉपुलर का खिताब मिला। इन क्षणों ने समारोह को और भी भावनात्मक और यादगार बना दिया। समारोह का समापन एक ऊर्जावान डीजे सेशन और हाई टी के साथ हुआ। छात्र-छात्राओं ने संगीत की धुनों पर नृत्य किया, अपने दोस्तों के साथ फोटो और सेल्फी लीं और विदाई के इस मौके को पूरी तरह जिया। पूरा कार्यक्रम छात्रों के लिए एक ऐसी याद बनकर रह गया जो हमेशा उनके दिलों में बसी रहेगी।

जूनियर्स ने पेश की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
जूनियर छात्रों द्वारा प्रस्तुत एकल और समूह नृत्य, गीत-संगीत, और मनोरंजक खेल गतिविधियों ने पूरे समारोह को मनोरंजन और उत्साह से भर दिया। छात्रों ने अपने मित्रों के साथ पुरानी यादें ताज़ा कीं और समूह सेल्फियों और वीडियो के माध्यम से पलों को संजोया।

खिताबों के साथ मिली भावनाओं की सौगात
• मिस्टर फेयरवेल: कुणाल स्वामी
• मिस फेयरवेल: साक्षी सिंह
• मिस्टर पॉपुलर: आशुतोष मिश्रा
• मिस पॉपुलर: वर्तिका सक्सेना