जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ की जनसुनवाई में उमड़ा जनसैलाब

– शिकायत प्राप्ति का अर्थ है शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण: डीएम

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने मंगलवार को प्रतिदिन की भांति जनसुनवाई की, जिसमें बड़ी संख्या में प्रार्थी अपनी समस्याएँ लेकर पहुँचे। जिलाधिकारी द्वारा की जा रही सतत जनसुनवाई का ही परिणाम है कि प्रत्येक दिन लोगों की भागीदारी बढ़ रही है और जनता अपनी शिकायतों के समाधान के प्रति आश्वस्त महसूस कर रही है। जनसुनवाई के दौरान नगर निगम, पुलिस विभाग, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा राजस्व विभाग समेत विभिन्न विभागों से संबंधित दर्जनों प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रार्थी की समस्या को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा समाधान का आश्वासन दिया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शिकायत का प्राप्त होना ही यह संकेत है कि उसका निस्तारण हर हाल में गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी भरे शब्दों में निर्देशित किया कि किसी भी शिकायत का निस्तारण मात्र औपचारिकता न रहे, बल्कि समाधान ऐसा हो जिससे प्रार्थी संतुष्ट हो और प्रशासन पर जनता का विश्वास और मजबूत हो। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का निस्तारण स्थलीय निरीक्षण से संभव है, वहां अधिकारी व्यक्तिगत रूप से जाकर मौके पर समस्या को देखें और उसके बाद ही कार्यवाही सुनिश्चित करें। साथ ही यह भी कहा कि निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक लेना जरूरी है, ताकि गुणवत्ता का वास्तविक मूल्यांकन हो सके।

जिलाधिकारी माँदड़ ने अधिकारियों को हिदायत दी कि जैसे ही कोई शिकायत प्राप्त हो, उसी समय से समाधान की दिशा में कार्यवाही शुरू कर दी जाए। उन्होंने कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रशासन का मूल उद्देश्य जनता को समय पर न्याय दिलाना है। जनसुनवाई के दौरान एडीएम एल/ए श्री विवेक मिश्र, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय, जॉइंट मजिस्ट्रेट श्री अयान जैन और एसीएम श्री राजेन्द्र कुमार भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भी प्रार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और जिलाधिकारी के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।