- औद्योगिक और आवासीय विस्तार के बीच प्रशासनिक व्यवस्था होगी मजबूत
- 30 महीने में तैयार होगा पांच मंजिला हाईटेक प्रशासनिक परिसर
- 257 करोड़ की लागत से बनने वाला भवन देगा आवंटियों को एक ही छत के नीचे सभी सेवाएं
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। यमुना सिटी क्षेत्र में तेजी से बढ़ती औद्योगिक और आवासीय गतिविधियों को देखते हुए यमुना प्राधिकरण ने अपना स्थायी प्रशासनिक भवन बनाने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। प्रस्तावित यह भवन सेक्टर-18 में लगभग 7 एकड़ जमीन पर विकसित किया जाएगा और इसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त पांच मंजिला इमारत के रूप में तैयार किया जाएगा। प्राधिकरण ने इसके निर्माण के लिए करीब 30 महीने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
वर्तमान में यमुना प्राधिकरण का मुख्य कार्यालय ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ओमेगा में संचालित हो रहा है, जहां आवंटी अपने कार्यों के लिए पहुंचते हैं। हालांकि, यह स्थान यमुना प्राधिकरण की वास्तविक सीमा से लगभग 8 किलोमीटर दूर है, जिससे लोगों को असुविधा होती है। इस समस्या के समाधान के लिए सेक्टर-22डी में एक अस्थायी जोनल कार्यालय बनाया गया था, लेकिन वह अपेक्षाकृत प्रभावी साबित नहीं हुआ। यमुना सिटी में अब तक 30 हजार से अधिक आवासीय प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं, जिनमें से सैकड़ों आवंटियों को कंप्लीशन सर्टिफिकेट भी मिल चुका है।
वहीं औद्योगिक क्षेत्र में 3100 से अधिक प्लॉट आवंटित हुए हैं। इनमें से 38 फैक्ट्रियां चालू हो चुकी हैं, जबकि लगभग 500 फैक्ट्रियों का निर्माण कार्य जारी है। इन इकाइयों में हजारों कर्मचारी काम कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। इन्हीं बढ़ती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सेक्टर-18 में 27,800 वर्ग मीटर भूमि पर नए प्रशासनिक भवन का निर्माण प्रस्तावित है। यह भवन 60 मीटर चौड़ी सड़क के किनारे स्थित होगा और इसमें लगभग 700 वाहनों की पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। भवन के प्रत्येक तल को अलग-अलग विभागों के लिए निर्धारित किया गया है।
भूतल पर रिसेप्शन, कॉर्पोरेट रिलेशन, पुलिस, मार्केटिंग और सिस्टम विभाग होंगे। पहली मंजिल पर प्रॉपर्टी और अकाउंट्स विभाग, दूसरी मंजिल पर लैंड और इंडस्ट्री विभाग, तीसरी मंजिल पर प्रोजेक्ट विभाग तथा चौथी मंजिल पर प्लानिंग और विधि विभाग स्थापित किए जाएंगे। पांचवीं मंजिल पर शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों, जैसे सीईओ और एसीईओ के कार्यालय होंगे। करीब 257 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं। यमुना प्राधिकरण के सीईओ आरके सिंह के अनुसार, जल्द ही निर्माण कंपनी का चयन कर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। यह भवन क्षेत्र के विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

सीईओ, यीडा
यमुना सिटी क्षेत्र में तेजी से बढ़ रही औद्योगिक एवं आवासीय गतिविधियों को देखते हुए आधुनिक प्रशासनिक भवन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। सेक्टर-18 में प्रस्तावित नया प्रशासनिक मुख्यालय सभी विभागों को एक ही परिसर में संचालित करने में मदद करेगा, जिससे आवंटियों और निवेशकों को बेहतर, पारदर्शी और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। भवन को आधुनिक सुविधाओं, पर्याप्त पार्किंग और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा कराने के लिए प्राधिकरण प्रतिबद्ध है, ताकि यमुना सिटी के समग्र विकास को नई गति मिल सके।
आर.के. सिंह
मुख्य कार्यपालक अधिकारी
यमुना प्राधिकरण
















