-हर विद्यालय को निपुण बनाने का संकल्प, शिक्षकों व छात्रों को किया सम्मानित
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत निपुण विद्यालयों के अध्यापकों एवं अनुदेशकों और शिक्षा मित्रों को सम्मानित किया गया। सोमवार को लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में आयोजित कार्यक्रम का भाजपा के महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल एवं जिलाधिकारी दीपक मीणा,मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव आदि की मौजूदगी मेें दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान बेसिक शिक्षा विभाग के महत्वपूर्ण कार्यक्रमोंं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया गया। इसका लाइव प्रसारण भी किया गया। लखनऊ के लोक भवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेसिक शिक्षा विभाग के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का लोकार्पण एवं शिलान्यास शुभारंभ किए जाने पर इसका सीधा प्रसारण दूरदर्शन द्वारा किया गया। मुख्यमंत्री के लाइव प्रसारण हिंदी भवन में आयोजित कार्यक्रम देखा गया।
इस दौरान जिलाधिकारी दीपक मीणा, सीडीओ अभिनव गोपाल, सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन ललित जायसवाल, जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव एवं सभी खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक,एसआरजी, एसआरपी, ब्लॉकों के शिक्षक संघ के नेता,परिषदीय विद्यालय अध्यापक एवं विभिन्न विद्यालयों में अध्यनरत छात्र-छात्राएं शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान भाजपा के महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल एवं जिलाधिकारी दीपक मीणा ने सभी विकास खंड नगर क्षेत्र से आईसीटी लैब, स्मार्ट क्लास, निपुण विद्यालय के एक-एक अध्यापक एवं समर कैंप के एक-एक अनुदेशक व शिक्षामित्र को पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया।
मयंक गोयल ने बोर्ड की परीक्षाओं के परिणाम में बालिकाओं की उपलब्धियां की प्रशंसा की साथ ही सभी को खूब पढऩे एवं बढऩे के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा किए गए कार्य सराहनीय हैं। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने प्रजेंटेशन देते हुए जनपद में बेसिक शिक्षा के क्षेत्र में किए गए अच्छे कार्यों एवं नवीन उपलब्धियां के बारे में चर्चा की गई। साथ ही बेसिक शिक्षा के क्षेत्र मे सत्र-2025-26 में और क्या कुछ किया जाना है। इस पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आगामी वर्ष में हर विद्यालय निपुण होगा। यही हमारा लक्ष्य है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कार्यक्रम के अंत में सभी गणमान्य अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का मंच संचालन एसआरजी पूनम शर्मा ने किया।
















