-पुलिस लाइन में आयोजित सेवा एवं सम्मान समारोह में महिला कांस्टेबलों का हुआ अभिनंदन, छाते, जूस और सैंडविच किए वितरित
-सड़क किनारे काम करने वाले श्रमिकों, रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं और सब्जी विक्रेता तक पहुंची मदद, करीब 50 छातों का हुआ वितरण
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। वर्षा ऋतु के आगमन के साथ सेवा, सम्मान और सामाजिक सरोकार का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए इनर व्हील क्लब ऑफ नवीन ग्रेटर नोएडा, डिस्ट्रिक्ट-301 ने शनिवार को पुलिस लाइन में विशेष सेवा एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर ड्यूटी के दौरान हर मौसम में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने वाले महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों को बरसात से बचाव के लिए छाते वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों को जूस और सैंडविच भी वितरित कर उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया गया। क्लब की ओर से कहा गया कि पुलिसकर्मी समाज की सुरक्षा के लिए धूप, बारिश, ठंड और हर चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में लगातार अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। ऐसे कर्मठ और समर्पित पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान व्यक्त करना समाज की जिम्मेदारी है।
इसी भावना के साथ यह सेवा अभियान आयोजित किया गया, जिसमें महिला कांस्टेबलों का विशेष रूप से उत्साहवर्धन किया गया। सेवा अभियान केवल पुलिस लाइन तक सीमित नहीं रहा। क्लब की सदस्यों ने सड़क किनारे मेहनत-मजदूरी करने वाले श्रमिकों, रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं और अन्य जरूरतमंद लोगों तक भी पहुंचकर उन्हें छाते वितरित किए। एक सब्जी विक्रेता को बड़ा छाता भेंट किया गया, ताकि वह बारिश के दौरान भी बिना किसी परेशानी के अपना रोजगार जारी रख सके। पूरे अभियान के दौरान लगभग 50 छातों का वितरण किया गया, जिससे अनेक जरूरतमंदों को बारिश के मौसम में राहत मिली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्लब की अध्यक्ष अंकिता सिंह ने कहा कि सेवा कार्य तभी सार्थक होता है, जब वह जरूरतमंद लोगों तक समय पर पहुंचे। उन्होंने क्लब की सभी सदस्यों के सहयोग, समर्पण और टीम भावना की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सभी का यही समर्पण संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे पूरे आत्मविश्वास और लगन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, अपने करियर में नई ऊंचाइयों को हासिल करें और समाज की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बनें। क्लब की पूर्व अध्यक्ष अनीता सिंघला ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक प्रगति महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण से ही संभव है।
उन्होंने कहा यदि महिलाएं सशक्त होंगी तो पूरा देश सशक्त होगा। उन्होंने बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को समाज की सबसे बड़ी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार और समाज का दायित्व है कि लड़कियों को आगे बढऩे के समान अवसर प्रदान किए जाएं। तभी एक सशक्त और विकसित समाज का निर्माण संभव होगा। कार्यक्रम में क्लब की सचिव डॉ. शैली गर्ग, दीपिका मदान, सोनिका त्यागी सहित क्लब की अन्य सदस्याएं भी उपस्थित रहीं और सेवा अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिसकर्मियों एवं अन्य उपस्थित लोगों ने क्लब की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक अभियान समाज में संवेदनशीलता, सहयोग और सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं। क्लब की इस पहल ने यह संदेश भी दिया कि छोटी-छोटी सामाजिक जिम्मेदारियां निभाकर भी समाज में बड़ा सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।















