-सेक्टर-24 पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई, विशेष प्रवर्तन अभियान में लगातार शिकंजा कस रहा प्रशासन
-दो दिनों में 15 लीटर अवैध देशी शराब जब्त, आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज हुए मुकदमे
-शराब माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस, हर सूचना पर होगी त्वरित कार्रवाई: सुबोध कुमार श्रीवास्तव
उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। जनपद गौतमबुद्ध नगर में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। जिलाधिकारी एवं पुलिस आयुक्त के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग और थाना सेक्टर-24 पुलिस की संयुक्त टीम ने लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की बिक्री में संलिप्त एक और आरोपी को गिरफ्तार किया। इससे एक दिन पहले भी इसी क्षेत्र में कार्रवाई कर एक अन्य तस्कर को पकड़ा गया था। दोनों दिनों की कार्रवाई में कुल 75 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद की गई है। आबकारी विभाग के अनुसार शुक्रवार रात को विशेष अभियान के दौरान थाना सेक्टर-24 क्षेत्र में संयुक्त टीम ने रविंद्र पुत्र रामबीर को अवैध रूप से देशी शराब बेचते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से उत्तर प्रदेश मार्का ‘दोस्ताना’ ब्रांड की 35 पव्वा (200 एमएल) देशी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा सात बल्क लीटर थी। आरोपी के विरुद्ध थाना सेक्टर-24 में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई। इसके अगले ही दिन शनिवार को अभियान को आगे बढ़ाते हुए आबकारी विभाग और थाना सेक्टर-24 पुलिस ने एक और छापेमारी की।
इस दौरान अरुण पुत्र रामभरोसे को अवैध शराब की बिक्री करते हुए गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से ‘दोस्ताना’ ब्रांड की 40 पव्वा (200 एमएल) देशी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा आठ बल्क लीटर थी। आरोपी के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। लगातार दो दिनों में हुई इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि गौतमबुद्ध नगर में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग और पुलिस संयुक्त रूप से सघन अभियान चला रहे हैं। विभाग का उद्देश्य केवल शराब की बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि अवैध कारोबार की पूरी श्रृंखला को चिन्हित कर शराब माफिया के नेटवर्क को ध्वस्त करना भी है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रही है। शासन और आबकारी आयुक्त के स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी कीमत पर अवैध शराब का कारोबार संचालित नहीं होने दिया जाएगा।
इसी नीति के तहत जिले में लगातार प्रवर्तन अभियान चलाए जा रहे हैं और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमें प्रतिदिन संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। शराब माफिया चाहे कितना भी संगठित क्यों न हो, उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। अवैध शराब का कारोबार न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि आम लोगों के जीवन और स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बनता है। इसलिए विभाग ऐसे तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है। सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जिले की सीमाओं, प्रमुख मार्गों, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी बढ़ाई गई है। बाहरी राज्यों से होने वाली अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए 24 घंटे चेकिंग और सतर्कता बरती जा रही है। विभाग की टीमें लगातार सूचना तंत्र को मजबूत कर रही हैं और प्राप्त प्रत्येक सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री अथवा परिवहन की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल आबकारी विभाग या स्थानीय पुलिस को दें।
सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही शराब माफिया के नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त किया जा सकता है। जिला आबकारी अधिकारी ने स्पष्ट किया कि विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अवैध शराब के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर को अवैध शराब मुक्त बनाने के लिए आबकारी विभाग पूरी प्रतिबद्धता और सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है तथा भविष्य में भी शराब माफिया के विरुद्ध इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
















