-देशभर के छात्रों के अनुभवों पर आधारित लेख को मिली सराहना
उदय भूमि संवाददाता
नई दिल्ली। यूजीसी एक्ट 2026 को लेकर 24 जनवरी को दैनिक उदय भूमि समाचार पत्र में प्रकाशित जनसेवक तरुण मिश्र की खबर को लेकर प्रोजेक्ट राइटर और सस्टेनेबल ऑर्गनाइजेशन ग्रोथ के हैंडहोल्डिंग एडवाइजर तथा सनातन सेवक कौशिक चौधरी ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस लेख की गहराई और जमीनी सच्चाइयों पर आधारित दृष्टिकोण की प्रशंसा की। कौशिक चौधरी ने कहा कि यह लेख केवल सैद्धांतिक नहीं है, बल्कि देशभर के छात्रों के वास्तविक अनुभवों और उनके सामने आए कठिनाईपूर्ण मुद्दों को उजागर करता है। कौशिक चौधरी के अनुसार, नीति-निर्माण अक्सर जमीनी हकीकत से कट जाता है, लेकिन इस लेख में कानून, शिक्षा और न्याय के बीच संतुलन स्थापित करने का प्रयास स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। देश के कई विश्वविद्यालयों में सामान्य वर्ग के मेधावी छात्रों को अधिक अंक होने के बावजूद प्रवेश, फेलोशिप और नियुक्तियों में वंचित होना पड़ा, जो कठोर श्रेणी-आधारित कट-ऑफ और नियामकीय सीमाओं का परिणाम है। कई केंद्रीय विश्वविद्यालयों में आरक्षित सीटें खाली रहने के बावजूद योग्य छात्रों को अवसर नहीं मिल पाए।
इस लेख में उठाई गई चिंता इन्हीं जमीनी सच्चाइयों की सटीक अभिव्यक्ति है। कौशिक चौधरी ने लेख की यह विशेषता भी सराही कि इसमें नियामकीय और शिकायत तंत्र के दुरुपयोग के मामलों को उजागर किया गया। उन्होंने कहा कि कई बार अपुष्ट या दुर्भावनापूर्ण शिकायतों के कारण छात्रों और शिक्षकों को लंबी जांच प्रक्रियाओं का सामना करना पड़ा, जिससे उनके शैक्षणिक जीवन और मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ा। अक्सर यह सब बिना समुचित सुनवाई के हुआ। इस लेख में न्यायपूर्ण प्रक्रिया और संतुलन की मांग की गई है, जो केवल संरक्षण की नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष नीतियों की आवश्यकता की याद दिलाती है। सनातन सेवक कौशिक चौधरी ने कहा कि जब लेखक कहते हैं कि समानता केवल प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि परिणाम-आधारित होनी चाहिए, तब वे समाज को याद दिलाते हैं कि सामाजिक न्याय के नाम पर बनाई गई नीतियाँ नई असमानताओं और असुरक्षाओं को जन्म न दें। योग्यता, क्षमता और गरिमा पर जोर देना उन लाखों परिवारों की भावनाओं को दर्शाता है, जो वर्षों की मेहनत और उम्मीद के बावजूद सीमित अवसरों का सामना कर रहे हैं।
कौशिक चौधरी ने बताया कि लेख का गैर-राजनीतिक स्वर इसे और अधिक प्रभावशाली बनाता है। यह किसी विशेष वर्ग या समूह के पक्ष में नहीं, बल्कि समय के साथ बदलती परिस्थितियों के अनुसार नीतियों की समीक्षा और सुधार की आवश्यकता पर केंद्रित है। लेख में यह स्पष्ट किया गया कि यह पहल किसी टकराव के लिए नहीं, बल्कि सुधार और संतुलन के लिए है। यह लोकतंत्र में नीति निर्माण के लिए जमीनी तथ्यों पर आधारित सजग असहमति को महत्व देने का उदाहरण प्रस्तुत करता है। कौशिक चौधरी के अनुसार, इस लेख के माध्यम से सरकार और शिक्षा संस्थानों को यह संदेश जाता है कि नीतियों का प्रभाव केवल कानून बनाने से नहीं, बल्कि उनकी समीक्षा और सुधार से सुनिश्चित होता है।
यह पहल छात्रों, शिक्षकों और आमजन के हित में निष्पक्ष और न्यायपूर्ण नीतियों की दिशा में एक प्रेरक कदम है। जनसेवक तरुण मिश्र ने बताया कि यूजीसी एक्ट 2026 का सुप्रीम कोर्ट ने भी संज्ञान लिया है। सुप्रीम कोर्ट की कार्रवाई ने यह स्पष्ट किया है कि नए नियमों का दुरुपयोग और अन्याय की संभावना को गंभीरता से लिया जा रहा है। इससे न केवल छात्रों में न्याय की उम्मीद बढ़ी है, बल्कि सत्ताधारी नेताओं द्वारा किए गए प्रचार और आश्वासन भी चुनौतीपूर्ण स्थिति में हैं।
उन्होंने कहा कि देशव्यापी आंदोलन और कुछ बड़ी संस्थाओं द्वारा 1 फरवरी को बंदी का ऐलान भी किया गया था, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के संज्ञान के बाद छात्रों और शिक्षकों की चिंता और असुरक्षा को लेकर न्याय की उम्मीद बढ़ गई है। यूजीसी एक्ट 2026 के संदर्भ में सुप्रीम कोर्ट का संज्ञान न केवल छात्रों के अधिकारों की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह प्रशासन और नीति-निर्माता के लिए भी चेतावनी है कि किसी भी नियम का दुरुपयोग नहीं होना चाहिए। हमारा प्रयास केवल न्यायपूर्ण प्रक्रिया सुनिश्चित करने और असमानता को कम करने का है। हम चाहते हैं कि देश के सभी मेधावी छात्र समान अवसरों का हक पाएं और शिक्षा व्यवस्था निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रहे।
कल तक सत्ताधारी सरकार के जो नेता यह रहे थे कि इस पर ऐसे प्रावधान रखें गए है कि किसी भी प्रकार का दुरुपयोग नहीं हो पाएगा। उन लोगों के मुंह पर यह तमाचा है, उन्हें नैतिकता के आधार पर अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। कल तक सत्ताधारी नेता बड़े-बड़े चैनलों पर आकर यूजीसी एक्ट के बारें में बयान दे रहे थे और अब सुप्रीमकोर्ट के संज्ञान के बाद ओंधे मुंह गिर गए है। जनसेवक ने स्पष्ट किया कि उनकी पहल का उद्देश्य संघर्ष नहीं, बल्कि छात्रों और समाज के हित में संतुलित और न्यायपूर्ण नीतियों को सुनिश्चित करना है।

















