स्ट्रोक आने के बाद कूपर हॉस्पिटल में भर्ती
मुंबई। अभिनेत्री शिखा मल्होत्रा का स्वास्थ्य बिगड़ गया है। अचानक स्ट्रोक आने के बाद उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, मशहूर डांसर और कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा को हार्ट अटैक आने के बाद मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोरोना काल में बॉलीवुड से एक के बाद एक बुरी खबरें मिल रही हैं। अभिनेत्री शिखा मल्होत्रा के शरीर का दाहिना हिस्सा स्ट्रोक के कारण काफी बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। स्वास्थ्य बिगड़ने पर उन्हें जुहू के कूपर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। कुछ समय पहले वह कोविड-19 (कोरोना वायरस) की चपेट में आ गई थीं। कोविड-19 से उबरने के एक माह बाद शिखा को स्ट्रोक की समस्या हुई है। शिखा के पीआर मैनेजर अश्विनी शुक्ला ने बताया कि उन्हें एक काफी गंभीर स्ट्रोक आया है। उनके शरीर का दाहिना हिस्सा बुरी तरीके से प्रभावित है। उन्हें विले पार्ले के कूपर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पीआर मैनेजर शुक्ला के मुताबिक शिखा मल्होत्रा को 10 दिसंबर की रात को पैरालिसिस स्ट्रोक आया। इसके बाद उन्हें ट्रीटमेंट के लिए अस्पताल ले जाया गया। वह बात नहीं कर पा रही हैं। शिखा के पास नर्सिंग की डिग्री होने के कारण उन्होंने लॉक डाउन के दौरान कोविड-19 के मरीजों की अपनी इच्छा से सेवा की थी। इस बीच अक्तूबर माह में वह खुद भी वायरस की चपेट में आ गई थीं। हालांकि कोरोना वायरस से वह उबर गई थीं। वहीं, मशहूर डांसर और कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा को हार्ट अटैक आने के बाद कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। बॉलीवुड में डिसूजा ने अपने करियर की शुरुआत बतौर कोरियोग्राफर की थी। बाद में कोरियोग्राफर से डायरेक्टर बने डिसूजा ने कई हिट फिल्में दी हैं। कुछ दिन पहले स्ट्रीट डांसर-3 डी में डांस के जरिए रेमो डिसूजा दर्शकों के लिए कुछ अलग लेकर आए थे। अपनी फिल्मों के साथ-साथ रेमो अपने शानदार लुक्स के लिए भी जाने जाते हैं।
















