-अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, यात्रियों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो, साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आगामी कैलाश मानसरोवर यात्रा को लेकर प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। बुधवार को पर्यटन, सांस्कृतिक एवं धर्मार्थ विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम ने इंदिरापुरम स्थित कैलाश मानसरोवर भवन का निरीक्षण किया और यात्रा की सफल एवं सुगम संचालन के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कैलाश मानसरोवर भवन में आने वाले सभी यात्रियों को कोई भी असुविधा नहीं होनी चाहिए और भवन का सौंदर्यीकरण भी पूरी तरह से किया जाए। प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम के भवन पहुंचते ही पुलिसकर्मियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया। इस दौरान जिलाधिकारी दीपक मीणा, एडीएम सिटी विकास कश्यप, पर्यटन अधिकारी सुरेश रावत, कैलाश मानसरोवर भवन के मैनेजर दिनेश गर्ग और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
उन्होंने आगामी 11 जून से 26 अगस्त तक चलने वाली कैलाश मानसरोवर यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया। मुकेश मेश्राम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन में यात्रियों के आवागमन, खान-पान, विश्राम और अन्य आवश्यक सुविधाओं की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने भवन के सभी कमरों और शौचालयों को साफ-सुथरा रखने तथा इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों जैसे एसी, पंखा, कूलर और लाईट की सही व्यवस्था करने पर विशेष ध्यान देने को कहा। इसके साथ ही शुद्ध पेयजल और विद्युत आपूर्ति की भी सतत देखरेख करने के निर्देश दिए गए। प्रमुख सचिव ने भवन एवं परिसर में स्वच्छता, साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता देने के साथ ही राजकीय निर्माण निगम द्वारा चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर भी कड़ी निगरानी रखने को कहा।
उनका यह भी कहना था कि यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह से सुचारू रूप से चलें। यह निरीक्षण आगामी कैलाश मानसरोवर यात्रा को सफल बनाने और यात्रियों को बेहतर अनुभव प्रदान करने के लिए प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। शहर प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने और यात्रियों की हर संभव मदद करने के लिए भी कहा है ताकि यह यात्रा स्मरणीय और सुविधाजनक बनी रहे।
















