आवंटियों की समस्याओं का प्राथमिकता पर होगा निस्तारण: राजीव रत्न सिंह

-जीडीए में नवागत ओएसडी ने संभाला कार्यभार

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) में आमजन और आवंटियों की उम्मीदों को नई दिशा मिलने जा रही है। शनिवार को नवागत ओएसडी राजीव रत्न सिंह ने पदभार ग्रहण करते हुए स्पष्ट किया कि जीडीए में आवंटियों और आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन ही उनकी कार्यशैली की प्राथमिकता होगी। राजीव रत्न सिंह का स्थानांतरण प्रदेश शासन द्वारा हाल ही में जीडीए ओएसडी गुंजा सिंह के ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी में तबादले के बाद किया गया है। मूल रूप से प्रतापगढ़ निवासी राजीव रत्न 2019 बैच के पीसीएस अधिकारी हैं और हाल ही में उन्हें प्रमोशन के बाद एडीएम स्तर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वे अयोध्या जनपद में एसडीएम के पद पर तैनात थे।

कार्यभार संभालने के बाद मीडिया से बातचीत में नवागत ओएसडी राजीव रत्न सिंह ने कहा कि यह मेरी पहली तैनाती है किसी प्राधिकरण में। जनता की उम्मीदों और आवंटियों की समस्याओं को सुनना और उन्हें त्वरित राहत देना मेरी प्राथमिक जिम्मेदारी है। योजनाओं को धरातल पर लाने के लिए टीमवर्क और पारदर्शिता के साथ काम होगा। उन्होंने कहा जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के दिशा-निर्देशों के तहत योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू किया जाएगा ताकि जनता को समुचित लाभ मिल सके। उन्होंने जीडीए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़ी किसी भी शिकायत में देरी नहीं होनी चाहिए।