सरस्वती कॉलेज में महिला स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता का महत्त्वपूर्ण मंच

-सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाओं पर दिया जोर, महिलाओं के स्वास्थ्य अधिकारों की हुई वकालत
-महिला स्वास्थ्य के संवेदनशील विषयों पर व्यापक प्रशिक्षण और संवाद, नारी सशक्तिकरण के साथ स्वास्थ्य समानता पर विशेष जोर
-नाइन प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से सुलभ, किफायती और न्यायसंगत स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तृत परिचय, समुदाय में सकारात्मक बदलाव की प्रेरणा

उदय भूमि संवाददाता
हापुड़। सरस्वती कॉलेज ऑफ नर्सिंग, अनवरपुर में अंतरराष्ट्रीय महिला स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर शुक्रवार को एक व्यापक और सार्थक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्वास्थ्य के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर गहन चर्चा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ और कॉलेज की प्राचार्या प्रोफेसर डॉ. आर. मनोहरी ने इसे सम्बोधित करते हुए कहा कि महिला स्वास्थ्य के प्रति समाज में जागरूकता लाना आज की सबसे बड़ी जरूरत है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नाइन प्राइवेट लिमिटेड के सीएसआर प्रमुख अतुल गुप्ता और जनसंपर्क प्रमुख अनुपमा गुप्ता उपस्थित थे। उन्होंने कार्यक्रम में महिलाओं की स्वास्थ्य देखभाल से जुड़ी विभिन्न चुनौतियों और उपलब्ध अवसरों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महिलाओं और लड़कियों के लिए स्वास्थ्य सेवा सुलभ, किफायती और न्यायसंगत होनी चाहिए ताकि वे बेहतर जीवन जी सकें। कार्यक्रम के दौरान नाइन प्राइवेट लिमिटेड के विशेषज्ञों ने यौन स्वास्थ्य, प्रजनन स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य नीतियों में लैंगिक समानता, और लिंग-संवेदनशील चिकित्सा सेवाओं की आवश्यकता पर व्यापक प्रशिक्षण सत्र संचालित किए।

इसके साथ ही कॉलेजन के संकाय सदस्यों, छात्राओं और अन्य उपस्थित अतिथियों के बीच संवाद भी हुआ, जिसने महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सशक्तिकरण के प्रयासों को और मजबूत किया। कार्यक्रम में प्राचार्या डॉ. आर. मनोहरी ने कहा कि यह दिवस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं के स्वास्थ्य अधिकारों को सुनिश्चित करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने नाइन प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग और संकाय, छात्राओं की भागीदारी की प्रशंसा की और भविष्य में इस तरह के कार्यक्रमों को जारी रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में संस्था के अध्यक्ष डॉ. जे. रामाचंद्रन, उपाध्यक्ष राम्या रामाचंदन ने प्राचार्या, उप प्राचार्य प्रोफेसर केतन शर्मा, विभागाध्यक्ष प्रोफेसर सुधा गौतम, प्रबंधक श्रीमती अनिता कल्चर्ल, डॉ. नसीमा खातून, सहायक प्राध्यापक कु. नेहा ककरान और संपूर्ण कल्चर्ल समिति को इस कार्यक्रम की सफलता पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। यह कार्यक्रम न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और गुणवत्ता पर ध्यान केंद्रित करता है, बल्कि यह महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए भी एक सशक्त मंच प्रदान करता है। ऐसे आयोजन समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच और उनकी स्वास्थ्य जरूरतों को प्राथमिकता देने की दिशा में एक बड़ा कदम हैं।