अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के रिश्तेदार पर हमला

शोरूम कारोबारी और दोस्त को गोली मारी, हालत गंभीर

पटना। बिहार में बेखौफ अपराधियों पर शिकंजा नहीं कस पाया है। जनपद सहरसा में शनिवार को कुछ हथियारबंद बदमाशों ने दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के रिश्तेदार एवं कारोबारी पर ताबड़-तोड़ गोलियां बरसा दीं। जानलेवा हमले में कारोबारी और उनका दोस्त घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की, मगर बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल पाया। दिनदहाड़े वारदात होने से सुरक्षा व्यवस्था की कलई भी खुल गई है। पुलिस के मुताबिक शनिवार की सुबह लगभग 10 बजे राजकुमार सिंह बाइक से मधेपुरा में शोरूम पर जा रहे थे। साथ में राजकुमार का दोस्त अमीर हसन निवासी बैजनाथपुर भी था। राजकुमार सिंह दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के रिश्तेदार हैं। बैजनाथपुर से आगे सबैला व तिरी के पास बाइक सवार 3 बदमाशों ने अचानक ओवरटेक कर राजकुमार व अमीर को रोक लिया। बाद में बदमाशों ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। राजकुमार सिंह और आमिर हसन गोली लगने से घायल हो गए। राजकुमार सिंह प्रतिदिन सुबह मधेपुरा में शोरूम खोलने जाते हैं। शनिवार को भी वह मधेपुरा जाने को निकले थे। वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल में उलझी रही। कभी सहरसा जिला और कभी मधेपुरा जिला में पुलिस वारदात होना मानती रही। पुलिस का कहना है कि राजकुमार सिंह के पांव में और अमीर हसन के कमर के पास गोली लगी है। दोनों का इलाज चल रहा है। उधर, एसडीपीओ (सदर) संतोष कुमार का कहना है कि यामाहा शोरूम के मालिक राजकुमार सिंह सहित 2 व्यक्तियों को गोली लगी है। पूरे मामले की जांच चल रही है। फरार हमलावरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने घटनास्थल का मौका-मुआयना कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं, दिनदहाड़े वारदात से क्षेत्र में एकाएक सनसनी फैल गई।