आक्रोश : लाल चौक पर तिरंगा फहराने का प्रयास

पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के खिलाफ हंगामा

श्रीनगर। श्रीनगर के लाल चौक पर सोमवार की सुबह भाजपा कार्यकर्ताओं ने तिरंगा फहराने का प्रयास किया। ऐसे में पुलिस ने 4 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। बाद में पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। उधर, भाजपा ने जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के खिलाफ पीडीपी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दरम्यान जमकर नारेबाजी की गई। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती के विवादित बयान का विरोध तेज हो गया है। महबूबा ने कहा था कि जम्मू-कश्मीर में धारा-370 की बहाली होने तक वह तिरंगा नहीं उठाएंगी। धारा-370 के लिए संघर्ष किया जाएगा। उनके इस बयान का चौतरफा विरोध हो रहा है। इसी क्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को श्रीनगर के लाल चौक पर पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के विरोध में प्रदर्शन किया। इस बीच वहां तिरंगा फहराने की कोशिश की गई। इससे एकाएक अफरा-तफरी मच गई। यह देखकर पुलिस ने 4 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा भी निकाली। भाजपा की कुपवाड़ा इकाई के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय ध्वज को लेकर अपमानजनक टिप्पणी किए जाने के विरोध में पीडीपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। वहां तिरंगा फहराया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की जानी चाहिए। वह अक्सर राष्ट्रविरोधी बयानबाजी करती हैं। बता दें कि जम्मू-कश्मीर के कुछ विपक्षी दल धारा-370 को वापस करने की पुरजोर मांग कर रहे हैं। इस मुद्दे पर यह दल एकजुट हो गए हैं। उन्होंने संयुक्त संगठन का गठन कर संघर्ष करने का आह्वान किया है। भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई ने विपक्षी दलों की तीखी आलोचना की है। भाजपा का कहना है कि जम्मू-कश्मीर के विकास की राह में किसी को अड़चन पैदा करने नहीं दी जाएगी।