ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ACEO सौम्य श्रीवास्तव ने कहा उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्राधिकरण पूरी तरह प्रतिबद्ध, इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन की बैठक में उद्यमियों को प्रदेश सरकार की औद्योगिक नीतियों से अवगत कराया

• इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन की बैठक में एसीईओ ने दिया आश्वासन, प्रदेश सरकार की नीतियों से कराया अवगत
• ईकोटेक थ्री में आरसीसी ड्रेन निर्माण और जलभराव से राहत के लिए 3 पंप लगेंगे
•  उद्योग केंद्र दो को मॉडल सेक्टर के रूप में विकसित करने की भी मांग
• औद्योगिक सेक्टर की समस्याओं के समाधान के लिए प्राधिकरण सक्रिय, इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन की बैठक में एसीईओ ने दिए अहम निर्देश
• नियमित बैठकों से उद्योग जगत को मिल रही राहत, औद्योगिक सेक्टरों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। औद्योगिक सेक्टर ईकोटेक थ्री में बरसात के दौरान जलभराव की समस्या को खत्म करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ठोस कदम उठाने का निर्णय लिया है। प्राधिकरण न केवल आरसीसी ड्रेन और नालियों के चौड़ीकरण का कार्य करवा रहा है, बल्कि जलभराव से निपटने के लिए 3 पंप लगाने की भी योजना बनाई गई है। यह निर्णय मंगलवार को इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए) के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक के दौरान लिया गया। बैठक में एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव, महाप्रबंधक वित्त विनोद कुमार, ओएसडी नवीन कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इस दौरान, प्रदेश सरकार के 8 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए प्राधिकरण की नीतियों से उद्यमियों को अवगत कराया गया। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारी नियमित बैठकें कर रहे हैं। इससे उद्यमियों की शिकायतों का निवारण तेजी से हो रहा है और औद्योगिक विकास को भी गति मिल रही है। बैठक में वरिष्ठ प्रबंधक राजेश गौतम, विनोद शर्मा और प्रबंधक उद्योग अरविंद मोहन सिंह समेत अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

ईकोटेक थ्री को मॉडल औद्योगिक सेक्टर बनाने की मांग
बैठक में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने उद्यमियों की समस्याओं को उठाया और ईकोटेक थ्री को मॉडल औद्योगिक सेक्टर के रूप में विकसित करने की मांग की। इस पर एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने जल्द ही एक समिति गठित कर आवश्यक संसाधनों का अध्ययन कराने का आश्वासन दिया।

औद्योगिक क्षेत्र की अन्य समस्याओं पर चर्चा करते हुए, प्राधिकरण ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की, जिनमें शामिल हैं।
• अतिरिक्त डस्टबिन लगाने का आश्वासन
• सड़क सुरक्षा के लिए स्पीड ब्रेकर और मार्किंग कार्य
• पेड़ों की छंटाई, मलबे का निस्तारण और साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार
इसके अलावा, सूरजपुर-कुलेसरा रोड के निर्माण कार्य को शुरू कराने के लिए उद्यमियों ने प्राधिकरण का आभार व्यक्त किया।

सौम्य श्रीवास्तव
एसीईओ, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण

ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों के विकास और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्राधिकरण पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ईकोटेक थ्री में जलभराव की समस्या को स्थायी रूप से हल करने के लिए आरसीसी ड्रेन और 3 पंप लगाने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा, उद्यमियों की मांग पर क्षेत्र को मॉडल औद्योगिक सेक्टर के रूप में विकसित करने के लिए एक समिति गठित कर आवश्यक संसाधनों का अध्ययन कराया जाएगा। हम उद्यमियों को बेहतर सुविधाएं देने और औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।
सौम्य श्रीवास्तव
एसीईओ, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण