सेक्टर-3 में बनेगा सामुदायिक केंद्र ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के जीएम एके सिंह ने दी जानकारी

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार जन सुविधाओं को बढ़ाने में जुटे हैं। अब ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-3में सामुदायिक केंद्र का निर्माण किया जाएगा। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। प्राधिकरण ने जगह चिन्हित कर निविदा जारी कर दी है। निर्माण कार्य पर 1.70 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार जन सुविधाओं को बढ़ाने में जुटे हैं। अब ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-3में सामुदायिक केंद्र का निर्माण किया जाएगा। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। प्राधिकरण ने जगह चिन्हित कर निविदा जारी कर दी है। निर्माण कार्य पर 1.70 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
सेक्टर वासियों को शादी समारोह, जन्मदिन पार्टी, बैठक व अन्य कार्यक्रमों के आयोजन के लिए इधर- उधर परेशान न होना पड़े, इसके लिए प्राधिकरण द्वारा प्रत्येक आवासीय सेक्टर में सामुदायिक केंद्र के निर्माण की योजना बनाई गई है। शहर में सेक्टर स्वर्णनगरी सहित 11 सेक्टरों में सामुदायिक केंद्र का निर्माण चल रहा है। यह काम अंतिम चरण में है। सेक्टर स्वर्णनगरी के निवासियों को जल्द सामुदायिक केंद्र का तोहफा मिल जाएगा। बिजली की फिटिंग का काम होना शेष रह गया है। उम्मीद है कि इसे एक माह में पूरा कर लिया जाएगा। अब सीईओ के निर्देश पर ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-3 में सामुदायिक केंद्र के निर्माण की तैयारी शुरू कर दी गई है।

सामुदायिक केंद्र में ये सुविधाएं होंगी
दो मंजिला सामुदायिक केंद्र में भूतल पर लॉबी, पार्टी हॉल, किचन, स्टोर, एक कमरा के साथ महिला व पुरुष शौचालय का निर्माण किया गया है। वहीं प्रथम तल पर लॉबी, लाइब्रेरी और महिला व पुरुष शौचालय की सुविधा होगी।

यहां चल रहा है काम
परियोजना विभाग के वर्क सर्किल- 5 व 6 के 11 सेक्टरों में सामुदायिक केंद्रों का निर्माण किया जा रहा है। इसमें स्वर्णनगरी के सामुदायिक केंद्र का निर्माण पूरा हो गया है। वहीं सेक्टर ओमीक्रॉन-1, ज्यू-1, ज्यू-2 व ज्यू-3 के सामुदायिक केंद्र का निर्माण भी अंतिम चरण में है। प्राधिकरण अधिकारी के मुताबिक ओमीक्रॉन 1-ए, ज्यू -1,ज्यू- 2, ज्यू-3, ईटा-1, जीटा 1, डेल्टा-3, सेक्टर- 37, सेक्टर-36 व पाई-1 आदि में सामुदायिक केंद्र का निर्माण चल रहा है।

dgm ak singh yamuna
एके सिंह
महाप्रबंधक परियोजना, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण

ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर-3 में सामुदायिक केंद्र के निर्माण के लिए निविदा जारी कर दी गई है। जल्द ही काम शुरू करा दिया जाएगा। योजना के तहत सभी सेक्टरों में सामुदायिक केंद्र का निर्माण किया जाएगा।
एके सिंह, जीएम परियोजना, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण।