प्रताप विहार में बाबा साहेब अंबेडकर जयंती धूमधाम से मनाई गई, समाज को मिला समानता और शिक्षा का संदेश

-डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को अपनाने का आह्वान, कॉलोनी में उत्साह और सामाजिक एकता का माहौल
-प्रताप विहार सेक्टर-12 में श्रद्धा और सम्मान के साथ हुआ जयंती समारोह का आयोजन
-सोसायटी पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित कर याद किए बाबा साहेब के आदर्श

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। भाउराव देवदास कॉलोनी, प्रताप विहार सेक्टर-12 विजय नगर में मंगलवार को भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, समाजसेवियों एवं सोसायटी पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए बाबा साहेब के योगदान को याद किया। समारोह की शुरुआत डॉ. अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। सोसायटी अध्यक्ष जगदीश, सतीश चन्द्रा, अजेन्द्र, प्रमोद, पी.के. मौर्य, पूर्व पार्षद करपाल, सुरेश चन्द, शिवम तथा अमित कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने भारतीय समाज को समानता, शिक्षा और न्याय का मार्ग दिखाया। उन्होंने संविधान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया।

वक्ताओं ने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि सामाजिक भेदभाव समाप्त कर शिक्षा और जागरूकता को जीवन का मूल मंत्र बनाया जाए। समारोह में वक्ताओं ने विशेष रूप से युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, आत्मसम्मान और ज्ञान की शक्ति का प्रतीक है। आज के समय में उनके विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। समाज तभी आगे बढ़ सकता है जब सभी वर्ग मिलकर समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करें। कार्यक्रम के दौरान कॉलोनी में उत्सव जैसा वातावरण देखने को मिला। बच्चों और युवाओं ने भी समारोह में सक्रिय भागीदारी निभाई तथा बाबा साहेब के जीवन और उनके योगदान पर चर्चा की।

उपस्थित लोगों ने संविधान के मूल्यों की रक्षा करने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संकल्प भी लिया। अंबेडकर जयंती के अवसर पर पूरे जिले में भी उत्साह का माहौल रहा। विभिन्न सामाजिक संगठनों और संस्थाओं द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। प्रताप विहार में आयोजित यह कार्यक्रम सामाजिक एकता, जागरूकता और प्रेरणा का संदेश देकर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।