बैंक वार्षिक साख योजना का जून के अंत तक लक्ष्य करें पूरा: इन्द्र विक्रम सिंह

-जिलास्तरीय बैंकिंग समन्वय समिति एवं बैंकिग समीक्षा समिति की बैठक संपन्न

गाजियाबाद। जनपद में बैंकों की वार्षिक साख 50 फीसदी से कम होने पर जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने बैंक के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने जनपद के सभी बैंकों को जिले के विकास योजनाओं में सक्रिय सहभागिता के संबंध में विभिन्न दिशा निर्देश दिए। बैठक में अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक बुद्धराम ने बैंकों की मार्च तिमाही 2024 तक की उपलब्धि पर विस्तृत जानकारी दी। समीक्षा के दौरान यह सामने आया कि मार्च तिमाही में जिले के बैंकों के साख-जमा अनुपात निर्धारित मानक में कम पाई गई। इस पर  जिलाधिकारी ने सभी बैंकों के जिला समन्वयकों को जिले में साख-जमा अनुपात को बढ़ाने के लिए निर्देशित करते हुए बेहतर उपलब्धि प्राप्त करने के निर्देश दिए।

पिछले वर्ष के सापेक्ष जिले की वार्षिक साख योजना में उपलब्धि अच्छी रही है। जिलाधिकारी ने जिन बैंकों द्वारा साख-जमा अनुपात 50 प्रतिशत से कम हासिल हुई है। उन पर कड़ी फटकार लगाई। उन्हें निर्देशित किया कि जिले में अपने प्रदर्शन में बेहतर सुधार करते हुए वार्षिक साख योजना,साख जमा अनुपात, सरकार प्रायोजित योजनाएं जैसे प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, मुद्रा योजना आदि के साथ ही प्रधानमंत्री की अन्य महत्वाकांक्षी योजनाओं सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, पीएमएसबीवाई, पीएमजेजेबीवाई, जन-धन योजना एवं अटल पेंशन योजना आदि में जिले की उपलब्धि अच्छी होनी चाहिए। उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप काम करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बैंकों को साख-जमा अनुपात एवं वार्षिक ऋण योजना में ओर तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी बैंकों को आगामी तिमाही में ऋण योजना में लक्ष्य के अनुरुप प्रगति करने एवं ऋण जमा अनुपात को न्यूनतम 60 प्रतिशत तक लाने की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, जिला विकास अधिकारी प्रज्ञा श्रीवास्तव,जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक बुद्धराम, एलडीओ आरबीआई कौशल कुमार, डीडीएम नाबार्ड अलका एवं बैंकों के जिला समन्वयक आदि अधिकारी मौजूद रहे।