-500 से अधिक नालों पर सफाई का काम शुरु, अधिकारी कर रहे निरीक्षण
-नालों से निकलने वाली सिल्ट को उठाने के लिए त्वरित कार्यवाही करें विभाग: नगर आयुक्त
-शहर में पहली बार लॉन्ग बूम की पोपलेन से तेजी से हो रही नालों की सफाई
गाजियाबाद। बारिश में शहर में जलभराव की स्थिति का सामना न करना पड़े इसके लिए नगर निगम मानसून आने के पहले ही सभी छोटे बड़े नालों की सफाई करा रही है। बेहतर सफाई हो रही या नहीं इसकी जानकारी करने के लिए निगम के अधिकारी निरीक्षण कर रहे हैं। नालों की सफाई नहीं होती तो बारिश के दिनों में कई मोहल्लों में जलभराव की विकट समस्या खड़ी हो जाती है। इस तरह की स्थिति उत्पन्न न होने पाए इसके लिए मानसून आने के पहले ही कवायद शुरू कर दी गई है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में लगभग 500 से अधिक छोटे-बड़े नालों की सफाई की जा रही है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर मिथिलेश व अन्य स्वास्थ्य विभाग की टीम को चल रहे कार्यों में मॉनिटरिंग बढ़ाने के लिए निर्देश दिए गए हैं। जोन वार नालों की सफाई पर मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक तथा सफाई एवं खाद निरीक्षक को विशेष देखरेख करने के निर्देश दिए गए।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर मिथिलेश कुमार ने बताया शहर के लगभग 525 नालों की सफाई की जा रही है। जिसमें बड़े नाले 109 है, जिनको थर्ड पार्टी द्वारा साफ कराया जा रहा है। छोटे नाले लगभग 197 है। जिनको नगर निगम अपने उपकरणों के माध्यम से साफ कर रहा है। इसी क्रम में मध्य श्रेणी के नाले लगभग 219 है, जिनको नगर निगम अपने उपकरणों के माध्यमों से साफ कर रहा है। प्राथमिकता पर बृज विहार का नाला, शहीद नगर का नाला जे पॉइंट का नाला, साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र के नाले, साहिबाबाद सब्जी मंडी का नाला, तुलसी निकेतन पसौंडा का नाला, महाराजपुर का नाला झंडापुर का नाला वसुंधरा वार्ड-61 का नाला, लिंक रोड का नाला, शास्त्री नगर में चौराहे से एलटी रोड का नाला, नया गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के सामने वाला नाला, विवेकानंद नगर जीटी रोड का नाला, नंदग्राम परशुराम चौक का नाला, नवयुग मार्केट गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ऑफिस के सामने वाला नाला, डीपीएस चौराहे का नाला, सम्राट चौक का नाला कार्बन फैक्ट्री विजयनगर का नाला व अन्य नालों पर तेजी से कार्य नगर निगम द्वारा कराया जा रहा है।
नालों की सफाई बेहतर तरीके से की जाए इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम मॉनिटरिंग कर रही है। लगभग 21 पोपलेन मशीन नगर निगम की लगी हुई है। बड़ी लॉन्ग बूम की पोपलेन भी कई स्थानों पर लगी हुई है। 20 से अधिक जेसीबी वह हाईवे भी नालों से निकलने वाली सिल्ट के लिए लगे हुए हैं। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश अनुसार स्वास्थ्य विभाग द्वारा नालों की सिल्ट उठाने का कार्य भी तत्परता से किया जा रहा है। शहर वासियों को आवागमन में परेशानी ना हो इसका विशेष ध्यान रखने के लिए नगर स्वास्थ्य अधिकारी को विशेष रूप से कहा गया है। जिसके क्रम में तीन दिन के भीतर पानी सूखने पर सिल्ट उठाने का कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है। मानसून से पहले ही नगर निगम शहर के सभी नालों को प्रमुखता से साफ करने में जुटा हुआ है। किसी प्रकार की जलभराव की समस्या ना आए, इसका विशेष ध्यान रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग अभियान के रूप में नालों की सफाई कर रहा है।
















