गौतमबुद्ध नगर में अनुज्ञापियोंं पर बड़ी कार्रवाई, तीन दिन में तीन शराब की दुकानों पर लगा ताला

-ओवर रेटिंग पर आबकारी विभाग का हंटर, जिलेभर में हड़कंप

उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। जिले में अवैध शराब बिक्री और अधिक दाम वसूली के मामलों में आबकारी विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है। आबकारी विभाग द्वारा लगातार चेतावनी दिए जाने के बावजूद कुछ शराब विक्रेता और अनुज्ञापी अनियमितताओं से बाज नहीं आ रहे थे। ऐसे में आबकारी विभाग ने अब समझाइश छोड़कर सीधे दुकानों पर ताले जडऩे की नीति अपनाई है। इसी के तहत, बीते तीन दिनों में तीन शराब दुकानों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया है। गौतमबुद्ध नगर में शराब की दुकानों पर ओवर रेटिंग और नियमों के उल्लंघन की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इस पर सख्ती दिखाते हुए आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने जांच का आदेश दिया। शिकायतें सही पाए जाने पर जिलाधिकारी के आदेशानुसार संबंधित दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए।

गढ़ी शहादरा और तिलपता में मनमानी, 10 रुपये महंगी बेची जा रही थी बीयर
शुक्रवार को आबकारी विभाग को क्षेत्र-5 में बीयर की दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली की शिकायत मिली। आबकारी निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह की टीम गठित कर मामले की जांच की गई। जांच के दौरान गुप्त रूप से टेस्ट परचेजिंग कराई गई, जिसमें गढ़ी शहादरा नंबर-2 (अनुज्ञापी गोपाल पंडित) और तिलपता (अनुज्ञापी ममता करनवाल) की दुकानें दोषी पाई गईं। इन दुकानों पर 500 एमएल किंगफिशर बीयर शासन द्वारा तय कीमत 130 के बजाय 140 में बेची जा रही थी।

तीन दिनों में तीन दुकानें सील, विक्रेताओं को किया ब्लैकलिस्ट
जांच रिपोर्ट के आधार पर दुकानों पर मौजूद विक्रेताओं के खिलाफ आबकारी विभाग के पोर्टल पर ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई की गई। साथ ही, अनुज्ञापियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी के आदेश पर इन दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए।

अब सीधी कार्रवाई- अनियमितता मिली तो दुकान पर लगेगा ताला
आबकारी विभाग ने साफ कर दिया है कि अब समझाने और चेतावनी देने का दौर खत्म हो चुका है। जो भी विक्रेता या अनुज्ञापी शराब की तय कीमत से अधिक वसूलते या अन्य नियमों का उल्लंघन करते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सीधी कार्रवाई करते हुए दुकानें सील कर दी जाएंगी। जिले में इस बड़ी कार्रवाई के बाद शराब व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन के इस कड़े रुख से साफ संकेत मिल रहे हैं कि अब नियम तोडऩे वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

अब कोई समझौता नहीं, नियम तोडऩे वालों की दुकानें होंगी सील
जिले में लगातार हो रही कार्रवाई पर आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आबकारी विभाग की ओर से पहले ही सभी शराब विक्रेताओं और अनुज्ञापियों को निर्धारित दरों पर ही बिक्री करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कुछ दुकानदार अधिक कीमत वसूल रहे थे, जो पूरी तरह से गैरकानूनी है। हमने जिले में अवैध शराब कारोबार को पहले ही खत्म किया है, अब जो भी दुकानें तय नियमों का पालन नहीं करेंगी, उन्हें तत्काल प्रभाव से सील कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। यदि कोई भी विक्रेता या अनुज्ञापी गलत तरीके से शराब बेचता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चेतावनी का समय खत्म हो चुका है – अब जो नियम तोड़ेगा, उसकी दुकान पर ताला लगेगा। आबकारी अधिकारी के इस बयान के बाद जिलेभर के शराब व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अब सभी विक्रेता अपनी दुकानों पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी से बचा जा सके।