यीडा सीईओ की बड़ी पहल आम से खास तक देंगे भूखंड

ग्रेटर नोएडा। जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास घर बनाने का सपना साकार होने जा रहा है। यमुना प्राधिकरण ने आम से लेकर खास तक के लिए इंतजाम किया है। योजना में यहां 30 वर्ग मीटर से लेकर चार हजार वर्ग मीटर तक के भूखंड आएंगे। यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ अरुणवीर सिंह ने बताया कि सेक्टर 18 और 20 में दो बड़ी हाउसिंग स्कीम लांच की जाएंगी। इसमें आवासीय भूखंडों का आवंटन किया जाएगा। इस बार निम्न आय वर्ग वाले परिवारों का ख्याल रखा जाएगा। इसके लिए 30 वर्ग मीटर के भूखंडों की योजना आएगी। सीईओ ने कहा कि किसी शहर को मुकम्मल बनाना है तो सभी वर्ग के लिए योजना होनी चाहिए।

इसलिए निम्न आय वर्ग के लिए 30 वर्ग मीटर के 6500 प्लॉट आवंटित किए जाएंगे। इन भूखंडों की कीमत केवल 7.50 लाख रुपए होगी। इसमें आवंटी को ढाई मंजिला घर बनाने की इजाजत दी जाएगी। घर के नक्शे यमुना प्राधिकरण पास करेगा। इन सेक्टर में पार्क, स्कूल, अस्पताल, बैंक, डाकघर, सामुदायिक केंद्र आदि होंगे। सीईओ ने बताया कि अगले महीने यमुना प्राधिकरण एक और स्कीम लॉन्च करेगा। इसमें मध्यम वर्ग और अमीरों को भूखंड आवंटित किया जाएगा। सीईओ ने बताया कि योजना में 482 भूखंड होंगे। इनका क्षेत्रफल 300 वर्ग मीटर से लेकर 4000 मीटर तक है। इन भूखंडों का आवंटन सेक्टर 18 और सेक्टर 20 में किया जाएगा।